ट्रैफिक और भीड़भाड़ से परेशान रहने वाले मुंबई के लोगों के लिए अच्छी खबर है. मुंबई में गुड़ी पड़वा पर शुरू की गई नई मेट्रो लाइन के स्टेशन के पास किराए की साइकिल (Bicycle on Rent) देने की सुविधा शुरू की गई है. इसका चार्ज भी बेहद कम महज 2 रुपये प्रति घंटे रखा गया है.
दरअसल, मुंबई में आवागमन के लिए ज्यादातर लोग लाइफलाइन मेट्रो का इस्तेमाल करते हैं. इन ट्रेनों में भारी भीड़ होती है. लोकल के स्टेशन से निकलने के बाद लोगों को घंटों ट्रैफिक में समय बर्बाद करना पड़ता है. स्टेशन से ऑटो या बस की सुविधा भी मुश्किल से मिल पाती है. ऐसे में लोगों के लिए अपनी मंजिल तक पहुंच पाना बेहद मुश्किल भरा होता है. ऐसे में गुड़ी पड़वा के दिन 2 अप्रैल को मुंबई मेट्रो की लाइन 2A की शुरुआत की गई है. इसके अलावा मेट्रो लाइन 7 भी शुरू हुई है.
मोबाइल ऐप के जरिए खुलेगा लॉक
इस मेट्रो स्टेशन पर लोगों के लिए साइकिल का प्रबंध भी किया गया है. यहां उतरने वाले यात्री साइकिल लेकर अपने ऑफिस या अपने गंतव्य स्थान पर पहुंच सकते हैं. मुंबई के मेट्रो स्टेशन पर इस साइकिल सुविधा की शुरुआत MYBYK मोबाइल ऐप ने की है. आम आदमी के लिहाज से इसका दाम काफी कम रखा गया है. सिर्फ 2 रुपये देकर कोई भी साइकिल को 1 घंटे के लिए किराए पर ले जा सकता है.
ऐसे उठा सकते हैं लाभ
1. मेट्रो स्टेशन पर शुरू हुई रेंट पर साइकिल की सुविधा का लाभ उठाने के लिए MYBYK ऐप डाउनलोड करना पड़ेगा.
2. ऐप के जरिए यात्री साइकिल का लॉक खोल पाएंगे. लॉक खुलते ही इसका लाभ लिया जा सकता है.
3. किसी भी नए मेट्रो स्टेशन के नीचे बने साइकिल स्टैंड से इस सुविधा का लाभ उठाया जा सकता है.