scorecardresearch
 

180 लड़कियां शिकार... सांसद का बड़ा दावा; 350 अश्लील वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

अमरावती के परतवाड़ा में 350 अश्लील वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है. नाबालिग लड़कियों से जुड़े इस मामले में आरोपी फरार हैं. भाजपा सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने 180 पीड़िताओं का दावा किया है. पुलिस ने साइबर क्राइम को सूचित कर जांच शुरू कर दी है, जबकि गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई है.

Advertisement
X
अश्लील वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप (Photo: Representational)
अश्लील वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप (Photo: Representational)

महाराष्ट्र के अमरावती जिले से आए अश्लील वीडियो कांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. सोशल मीडिया पर करीब 350 वीडियो और कई गंदे फोटो वायरल होने के बाद लोगों में गुस्से का माहौल है. मामले में आरोपी अपने परिवार समेत फरार है. जिससे उनकी गिरफ्तारी की मांग और तेज हो गई है. जानकारी के अनुसार, पिछले तीन दिनों से विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुप्स में लगातार वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें नाबालिग लड़कियों के साथ अश्लील हरकतें किए जाने के आरोप सामने आए हैं. इस पूरे मामले में राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि करीब 180 लड़कियां इस मामले में पीड़ित हैं, जिनमें अधिकतर नाबालिग हैं.

सांसद अनिल बोंडे और हिंदू संगठनों ने अमरावती ग्रामीण पुलिस से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है. नेताओं ने कहा कि पुलिस को इस मामले में स्वतः संज्ञान लेकर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए थी, जैसा कि अन्य मामलों में किया जाता है.

अश्लील वीडियो कांड से मचा हड़कंप

नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 14 अप्रैल को भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती के बाद अमरावती ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा. मामले में आरोप है कि मोहम्मद अयान और मोहम्मद जोयान नामक युवकों ने लड़कियों को बहला-फुसलाकर या दबाव में लेकर अश्लील कृत्य किए और उनके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए. आरोपियों को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है और उन्हें कड़ी सजा देने की मांग की जा रही है.

Advertisement

विशाल आनंद सिंगुरी ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए महाराष्ट्र साइबर क्राइम को सूचित किया गया है. उन्होंने कहा कि वीडियो हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और पीड़िताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी. जरूरत पड़ने पर महिला अधिकारी उनके बयान दर्ज करेंगी.

आरोपी फरार, इलाके में गुस्से का माहौल 

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के फरार होने की जानकारी सामने आने के बाद जांच तेज कर दी गई है और उनकी तलाश जारी है. हालांकि बिना औपचारिक शिकायत के भी साइबर स्तर पर कार्रवाई की जा रही है. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोग और संगठन लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में देर होने से अपराधियों का हौसला बढ़ता है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, जबकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement