scorecardresearch
 

पहले साथ बनाई रील, फिर सहेली के घर में घुसकर उड़ाए लाखों के जेवर... 4 आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र के अकोला में एक रील क्रिएटर ने अपनी ही सहेली के घर से 150 ग्राम सोना और 90 हजार रुपये चोरी कर लिए. आरोपी ने रील शूट के बहाने सहेली को अपने घर बुलाया और मौका देखकर उसके घर से जेवरात और नकदी निकाल लिए. पुलिस जांच में खुलासा होने पर आरोपी, उसके प्रेमी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया गया.

Advertisement
X
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.(Photo: Dhananjay B.Sable/ITG)
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.(Photo: Dhananjay B.Sable/ITG)

अकोला में सोशल मीडिया की चमक के पीछे छिपी एक चौंकाने वाली चोरी का मामला सामने आया है, जहां एक रील क्रिएटर ने अपनी ही रील स्टार सहेली के घर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी करने की साजिश रची. पुलिस के अनुसार, आरोपी समीक्षा गंवई और पीड़िता नेहा सावड़ेकर पड़ोसी हैं और दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी. दोनों का एक-दूसरे के घर नियमित आना-जाना था और नेहा के घर के हर हिस्से तक समीक्षा की आसानी से पहुंच थी.

पुलिस जांच में सामने आया है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर समीक्षा ने चोरी की योजना बनाई. बताया गया कि वह करीब एक महीने से इस वारदात की तैयारी कर रही थी. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक पर रील बनाने के दौरान दोनों के बीच घनिष्ठ संबंध बने थे, लेकिन यही दोस्ती बाद में विश्वासघात में बदल गई.

यह भी पढ़ें: अकोला में अनोखा नामांकन, उम्मीदवार ने 5 हजार रुपये की चिल्लर जमा करके चौंकाया

रील शूट के बहाने रची गई पूरी साजिश

पुलिस के अनुसार, 12 फरवरी को समीक्षा ने नेहा को फोन कर अपने घर बुलाया और बताया कि उसके कुछ दोस्त आए हैं और रील शूट करनी है. इसके बाद करीब एक से डेढ़ घंटे तक अलग-अलग एंगल से रील शूट होती रही. इसी दौरान समीक्षा ने बहाना बनाकर कहा कि वह कपड़े बदलकर आती है और कुछ मिनटों के लिए वहां से निकल गई.

Advertisement

जांच में खुलासा हुआ कि इसी दौरान समीक्षा सीधे पड़ोस में स्थित नेहा के घर पहुंची और वहां से कीमती जेवरात और नकदी चोरी कर ली. चोरी करने के बाद उसने सोना और नकदी अपने प्रेमी और एक दोस्त को सौंप दिए. इसके बाद वह सामान्य तरीके से वापस शूटिंग में शामिल हो गई, ताकि किसी को उस पर शक न हो.

अलमारी खुली तो उड़ गए होश, 21 लाख का सोना गायब

रील शूट खत्म होने के बाद जब नेहा अपने घर पहुंची और अलमारी देखी तो उसके होश उड़ गए. अलमारी से करीब 150 ग्राम सोना जिसकी कीमत लगभग 21 लाख रुपये बताई गई और 90 हजार रुपये नकद गायब थे. इसके बाद नेहा ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और उस दिन मौजूद सभी लोगों की गतिविधियों, मोबाइल कॉल डिटेल और मूवमेंट की जांच की. जांच के दौरान यह सामने आया कि रील शूट के बीच समीक्षा कुछ मिनटों के लिए अकेले बाहर गई थी. यही बात पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग बनी.

पूछताछ में टूटा आरोपी, चार गिरफ्तार

पुलिस ने समीक्षा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की बात स्वीकार कर ली. पूछताछ में सामने आया कि उसने चोरी किया गया सोना और नकदी अपने प्रेमी को दे दिए थे. आरोपी प्रेमी ने अपने एक साथी की मदद से जेवरात और नकदी अलग-अलग जगह छिपा दिए थे. पुलिस ने अमरावती में आरोपी के एक दोस्त के पास से भी बरामदगी की.

Advertisement

पुलिस ने छापेमारी कर चोरी गया पूरा सोना और नकदी बरामद कर लिया है. इस मामले में समीक्षा, उसके प्रेमी और उनके दो साथियों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुराने शहर थाना पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement