गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर को लेकर सुलग रहे सवालों के बीच मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री तुलसी सिलावट ने ऐसा बयान दिया जिस पर बवाल शुरू हो गया है. उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो को कांग्रेस नेता शेयर करते हुए तंज कस रहे हैं.
दरअसल, तुलसी सिलावट जब मीडिया से बात कर रहे थे तो एनकाउंटर के सवाल पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सीएम शिवराज सिंह चौहान और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को कलंक बता दिया. उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और यूपी के मुख्यमंत्री समाज के लिए कलंक हैं.
ये भी पढ़ें- 12 घंटे तक कैमरे की जद में था STF का काफिला, 15 मिनट के लिए रोका और विकास दुबे खल्लास!
तुलसी सिलावट ने कहा कि जो घटना घटी है यह हमारे समाज के लिए एक प्रेरणा भी है. शिवराज सिंह चौहान के मंत्री का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या उनकी जुबान फिसल गई या वीडियो में किसी ने छेड़खानी की. कांग्रेस ने मंत्री के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि जो सच्चाई है वो जुबान पर आ ही गई.
भाजपा मंत्री तुलसी सिलावट - प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री शिवराज , उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देश के लिए कलंक है pic.twitter.com/XeQ8NHFuQo
— Dinesh Mohaniya (@DineshMohaniya) July 10, 2020
विवाद बढ़ने के बाद तुलसी सिलावट ने सफाई भी दी. उन्होंने कहा कि मैंने प्रधानमंत्री और दोनों मुख्यमंत्रियों को बधाई दी थी. मैंने कहा कि विकास दुबे समाज के लिए कलंक है. ये कांग्रेस के कुछ लोगों की हरकत है जो इसको वायरल कर रहे हैं. तुलसी सिलावट ने कानूनी कार्रवाई की बात भी कही है.
ये भी पढ़ें- विकास दुबे का पोस्टमॉर्टमः शरीर के आर-पार हुईं तीन गोलियां, ज्यादा खून बहने से मौत
वहीं, इंदौर से बीजेपी के सांसद शंकर ललवानी की भी जुबान फिसल गई. उन्होंने गैंगस्टर विकास दुबे को जी कर संबोधित किया. हालांकि बाद में उन्होंने संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और विरोधी तो बस जैसे इसका इंतजार कर रहे थे.
कांग्रेस ने तुरंत इस पर प्रतिक्रिया दी. पार्टी के नेता राकेश सिंह यादव ने कहा कि भगवान ने सच बुलावा ही दिया. एमपी कांग्रेस कमेटी प्रदेश सचिव राकेश सिंह यादव ने मंत्री सिलावट से मांग की कि अगर उनमें थोड़ी सी नैतिकता बची है तो तत्काल इस्तीफा दें और जनता से माफी मांगें.