झारखंड के जामताड़ा जिले में उस समय सनसनी फैल गई जब बागडेहरी थाना क्षेत्र के एक कुएं से तीन शव बरामद किए गए. मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के लोकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कैरबानी गांव के रहने वाले लोगों के रूप में की गई है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
मिली जानकारी के अनुसार मृतकों में एक करीब 4 साल की बच्ची, एक 13-14 साल का नाबालिग और एक करीब 35-40 साल का पुरुष शामिल है. बताया जा रहा है कि तीनों करीब दस दिन पहले घर से दतवन (पेड़ की टहनी) तोड़ने के लिए निकले थे. इसके बाद वे वापस घर नहीं लौटे, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई.
परिजनों ने मौके पर पहुंचकर की तीनों शवों की पहचान
परिजनों ने पहले आसपास के इलाकों में उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला. इसी बीच जामताड़ा जिले के बागडेहरी थाना क्षेत्र में एक कुएं से तीन शव मिलने की सूचना मिली. जब इस बात की जानकारी परिवार वालों को दी गई तो वो मौके पर पहुंचे और शवों की पहचान की.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा है या किसी साजिश का परिणाम.
आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही पुलिस
बागडेहरी थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि कुएं से तीन शव बरामद हुए हैं, जो पश्चिम बंगाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा.
पुलिस इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है. आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि तीनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं यह आपराधिक घटना तो नहीं है.