
झारखंड के गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमी ने अपनी गर्भवती प्रेमिका को गोलगप्पे में जहर मिलाकर मारने की साजिश रची. प्रेमिका को समय रहते साजिश की भनक लग गई और उसने किसी तरह अपनी जान बचाई. इस मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमी साकेत केशरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में गढ़वा भेज दिया है.
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए. दोनों के बीच करीब छह वर्षों से प्रेम संबंध था. एक वर्ष पहले दोनों के संबंध से एक बच्चा भी जन्मा था. हालांकि, गांव और समाज के हस्तक्षेप के बाद दोनों को अलग कर दिया गया था और मिलने-जुलने पर रोक लगा दी गई थी.
यह भी पढ़ें: गरीब की मजबूरी, अस्पताल की मनमानी... गढ़वा में नवजात को बंधक बनाकर की 1.15 लाख की वसूली
शादी का झांसा देकर दोबारा बनाए संबंध
आरोप है कि कुछ महीनों बाद आरोपी ने फिर से युवती से संपर्क किया और शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा. इसके बाद युवती दोबारा गर्भवती हो गई. वर्तमान में पीड़िता आठ माह की गर्भवती बताई जा रही है. युवती का आरोप है कि आरोपी उसे लगातार धोखे में रखता रहा और बाद में उससे छुटकारा पाने की साजिश रचने लगा.
पीड़िता के अनुसार, 21 फरवरी की दोपहर करीब दो बजे आरोपी ने फोन कर उसे कुछ खिलाने की बात कही. इस पर युवती ने गोलगप्पा खाने की इच्छा जताई. आरोप है कि आरोपी ने उसे गोलगप्पा खिलाया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. उसे उल्टियां होने लगीं और मुंह से खून आने लगा, जिससे उसे जहर दिए जाने का शक हुआ.
डॉक्टर के पास ले जाने के बहाने जंगल ले जाकर हत्या का प्रयास
शाम करीब चार बजे आरोपी ने दोबारा फोन कर उसे डॉक्टर के पास ले जाने की बात कही. लेकिन डॉक्टर के पास ले जाने के बजाय वह बाइक से युवती को बैरिया जंगल की ओर ले गया. जंगल में करीब 100 मीटर अंदर ले जाकर आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या करने की कोशिश की. इस दौरान युवती की आंख के पास गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गई.

होश आने के बाद युवती किसी तरह जंगल के दूसरे छोर पर छिप गई और पूरी रात डर और दहशत के बीच वहीं बिताई. अगली सुबह वह किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, मामले की जांच जारी
पीड़िता के आवेदन के आधार पर रमकंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी साकेत केशरी को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक हिरासत में गढ़वा भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है.
यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है. स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है.