गुरुग्राम में खुशियों और जश्न के बीच एक बारात में अचानक दहशत फैल गई. दरअसल, पालम विहार में दबंगों ने बारातियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था. महज साइड देने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि देखते ही देखते शादी का माहौल चीख-पुकार और अफरा-तफरी में तब्दील हो गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए.
मामला गुरुग्राम के पालम विहार सेक्टर 22 B का है. यहां मोलाहेड़ के सरकारी स्कूल से वाल्मीकि समाज की बारात की चढ़त हुई. नाच गाने और गाजेबाजे के साथ बारात आगे बढ़ रही थी. उसी दौरान गाड़ी पर सवार कुछ दबंगों का साइड को लेकर बारातियों से विवाद होने लगा.
आरोप है कि कुछ ही देर में यहां पहुंचे बारातियों पर इलाके के दबंगों ने लाठी डंडों से हमला कर दिया. गाड़ी सवार शराब के नशे में धुत थे. बारात में शामिल लोगों से साइड देने को लेकर झगड़ा हो गया था.

इसी दौरान मामला हिंसक हो गया. बारात पर हुए हमले के बाद खुशियां उदासी और मायूसी में बदल गईं. उदास, परेशान और मायूस चेहरे दबंगो के खौफ में दिख रहे थे. आरोप मारपीट कर मौके से फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद एएसआई राकेश कुमार पालम विहार थाने से मौके पर पहुंचे और जायजा लिया.
यह भी पढ़ें: दुल्हन कर रही थी इंतजार, लोग मना रहे थे जश्न... तभी मौसेरे भाई ने दूल्हे को मार दी गोली, बारात में मच गई अफरा-तफरी
वहीं, दूल्हे के रिश्तेदारों का कहना है कि जैसे ही बारात कम्युनिटी सेंटर में पहुंची, वैसे ही लाठी डंडों से लैस 1 दर्जन से ज्यादा दबंग यहां आ गए और तोड़फोड़ करने लगे. जो सामने आया, उसी को बेरहमी से पीटने लगे. इस हमले में 2 युवकों को घायल हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया. एक महिला को भी लाठी डंडों से पीटा गया.
एएसआई राकेश कुमार ने कहा कि गाड़ी पर सवार 2 से 3 युवकों की साइड देने को लेकर कहासुनी हुई. फिर 1 दर्जन से ज्यादा लाठी डंडों से लैस दबंग सेक्टर 22 B के कम्युनिटी सेंटर में पहुंचे और हमला कर दिया. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से गाड़ी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.