साइबर सिटी गुरुग्राम के गांव मोकलवास में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. गांव की 16 वर्षीय लड़की ने जोहड़ में कूदकर खुदकुशी कर ली. मृतका की पहचान नेहा के रूप में हुई है, जो मैत्री स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी.
पुलिस के अनुसार, नेहा 11 फरवरी की देर रात स्कूल ड्रेस पहनकर घर से बाहर निकली थी और इसके बाद लापता हो गई. परिजनों ने तुरंत थाना बिलासपुर में सूचना दी, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी.
16 वर्षीय लड़की ने की खुदकुशी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में नेहा स्कूल ड्रेस में अकेले जाते हुए दिखाई दी, लेकिन इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला. नेहा के पिता ने बेटी का पता बताने वाले को एक लाख रुपये इनाम देने की घोषणा भी की थी.
तफ्तीश के दौरान पुलिस को नेहा के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला. इसमें लिखा था, मम्मी पापा मुझे माफ कर देना. मैं दादा जी के पास जा रही हूं. मुझे तलाश न करना. अगर तलाश करना ही है तो शमशान वाले जोहड़ में कर लेना, मैं वहीं मिलूंगी.
सुसाइड नोट पढ़कर परिजन सदमे में आ गए. इसके बाद पुलिस और परिजन सीधे शमशान घाट के पास स्थित जोहड़ पर पहुंचे. एनडीआरएफ की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया और इसी दौरान नेहा का शव जोहड़ से बरामद कर लिया गया. पुलिस के मुताबिक डूबने से उसकी मौत हुई थी.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और फिर परिजनों के हवाले कर दिया. गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नेहा ने आत्महत्या क्यों की. पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)