सोनीपत के गोहाना में पिछले कई दिनों से फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले कुख्यात बदमाश अंकित उर्फ डाकू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. सीआईए गोहाना की टीम के साथ हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए खानपुर पीजीआई में भर्ती कराया गया है. पुलिस अब पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक अंकित उर्फ डाकू गांव कथूरा का रहने वाला है और पिछले तीन दिनों में गोहाना इलाके में कई जगह फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दे चुका था.
हाल ही में उसने एक सरपंच प्रतिनिधि पर भी फायरिंग की थी. लगातार हो रही इन घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था. बताया जा रहा है कि सीआईए गोहाना इंचार्ज अंकित नांदल और उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि अंकित उर्फ डाकू गोहाना में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की और पीछा करना शुरू कर दिया.
अंकित उर्फ डाकू एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार
पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अंकित उर्फ डाकू के पैर में गोली लगी. घायल होने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और तुरंत इलाज के लिए खानपुर पीजीआई पहुंचाया. घटना की सूचना मिलने के बाद क्राइम डीसीपी नरेंद्र कादियान भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि आरोपी ने पिछले दो दिनों में तीन फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था. पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी. डीसीपी नरेंद्र कादियान के मुताबिक आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा भी बरामद किया गया है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में आरोपी का एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है.
पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अंकित उर्फ डाकू इलाके में लगातार कार में बैठकर फायरिंग कर लोगों में डर फैलाने की कोशिश कर रहा था. सोशल मीडिया पर भी उससे जुड़े वीडियो सामने आए थे, जिनमें वह हथियार के साथ दिखाई दे रहा था. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हाल की अन्य फायरिंग घटनाओं में उसका क्या रोल रहा है. गोहाना में लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है. इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.