उत्तरी दिल्ली के सदर बाजार इलाके में सोशल मीडिया पर किए गए एक कमेंट ने खुशियों भरे घर को मातम में बदल दिया. एक इंस्टाग्राम कमेंट को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. यह घटना दिखाती है कि ऑनलाइन कही गई बात किस तरह गंभीर हिंसा का कारण बन सकती है.
कैसे शुरू हुआ विवाद?
पुलिस के अनुसार, मोतिया खान इलाके की एक लड़की की शादी 18 फरवरी को कोर्ट में हुई थी और 23 फरवरी को रिसेप्शन होना था. घर में तैयारियां चल रही थीं कि 20 फरवरी की रात शादी से जुड़ी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक महिला ने कथित तौर पर तंज कसते हुए टिप्पणी कर दी. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच फोन पर तीखी बहस हुई और एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी गई.
बाद में समझौते की बात हुई, जिसके लिए लड़की के पिता सतीश अपनी पत्नी और बेटी के साथ कमेंट करने वाले पक्ष के घर पहुंचे. बातचीत के बाद जब सतीश वापस लौट रहे थे, तभी उन पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई.
एक दिल्ली और दो गाजियाबाद से गिरफ्तार
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया. एक आरोपी बाहरी दिल्ली से और दो गाजियाबाद से पकड़े गए. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सोशल मीडिया टिप्पणी को ही विवाद की मुख्य वजह पाया गया है. मामले में हत्या का केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है.