दिल्ली-एनसीआर में 21 और 22 अप्रैल को बारिश और तेज हवाओं के चलते मौसम सुहाना हुआ था. हालांकि, इसके बाद फिर से तापमान में इजाफा हुआ था. तापमान 40 के पार चला गया था. अब एक बार फिर से अचानक मौसम में बदलाव दर्ज किया जा रहा है. दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के साथ धूल भरी आंधी की शुरुआत हो चुकी है.
इन क्षेत्रों में आंधी के साथ बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक पूरे दिल्ली-एनसीआर में चल रही तेज हवाओं की रफ्तार 50-70 किमी/घंटा रह सकती है. धूल भरी आंधी के साथ पूर्वी दिल्ली, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, रजौंद, असंध, सफीदों, पानीपत (हरियाणा) गंगोह, देवबंद, शामली, मुजफ्फरनगर, कांधला, बिजनौर, खतौली, सकोटी टांडा, हस्तिनापुर, चांदपुर, दौराला, मेरठ, किठौर, अमरोहा, मुरादाबाद ( अगले 2 घंटों के दौरान रोहतक (हरियाणा), डीग, (राज), मथुरा, राया (यूपी) में हल्की तीव्रता के साथ गरज के साथ बारिश होगी और कोसली, महम, गोहाना, होडल, हांसी (हरियाणा) में भी हल्की बारिश बारिश हो सकती है.
— India Meteorological Department (@Indiametdept) April 27, 2023
शुक्रवार को भी हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 21 डिग्री और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, 28 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री रह सकता है. इस दौरान हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है.
आंधी-बारिश को लेकर मौसम विभाग का निर्देश
एनसीआर में चल रहे बारिश, आंधी को लेकर मौसम विभाग ने कुछ निर्देश भी जाहिर किए हैं. इस दौरान कच्चे घरों, दीवारों और झोपड़ियों को मामूली नुकसान पहुंच सकता है. ऐसी स्थिति आने पर विभाग ने लोगों को घरों के अंदर रहने को कहा है. इस दौरान खिड़कियां और दरवाजे बंद करने के निर्देश दिए हैं. यदि संभव है तो यात्रा से बचने को कहा गया है. मौसम विभाग ने आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षित जगह आश्रय लेने की बात कही है.