scorecardresearch
 

वायरल वीडियो के बाद दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर को हटाया गया, सौरभ भारद्वाज ने उठाए थे सवाल

दिल्ली में एक पुलिस इंस्पेक्टर के वायरल वीडियो पर विवाद के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की है. आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने वीडियो साझा कर आरोप लगाया था कि अपराधियों को राजनीतिक दबाव में छोड़ा जाता है.

Advertisement
X
सौरभ भारद्वाज के पोस्ट के बाद दिल्ली पुलिस की सफाई आई है.
सौरभ भारद्वाज के पोस्ट के बाद दिल्ली पुलिस की सफाई आई है.

दिल्ली में एक पुलिस अधिकारी के वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. सौरभ भारद्वाज ने X पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें कथित तौर पर दिल्ली पुलिस का एक इंस्पेक्टर थाने में आए लोगों से बातचीत करता दिखाई दे रहा है.

वीडियो को साझा करते हुए सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस का इंस्पेक्टर आम लोगों से बोल रहा है कि हम लोग इनको (नशे के कारोबारी और अपराधियों को ) पकड़ते हैं तो CM से ऑर्डर आता और इन्हें छोड़ना पड़ जाता है , हमारे हाथ कटे हुए हैं.

वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने इस पर स्पष्टीकरण जारी किया. नॉर्थ वेस्ट जिले की पुलिस उपायुक्त आकांशा यादव ने बताया कि यह वीडियो भरत नगर पुलिस स्टेशन का है. वीडियो में दिख रहे अधिकारी इंस्पेक्टर राजीव हैं, जो उस समय नियमित थाना प्रभारी की अनुपस्थिति में प्रभारी के रूप में काम देख रहे थे.

पुलिस का एक्शन

पुलिस के अनुसार सार्वजनिक बातचीत के दौरान इंस्पेक्टर राजीव ने कुछ गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियां की थीं, जो तथ्यों पर आधारित नहीं थीं और दिल्ली पुलिस के आधिकारिक रुख को प्रतिबिंबित नहीं करतीं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: तरुण के नाम पर सोशल मीडिया से दो दिन में जुटाए 37 लाख रुपये, दिल्ली पुलिस ने X और Instagram से साधा संपर्क

दिल्ली पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इंस्पेक्टर राजीव को तत्काल प्रभाव से थाना प्रभारी के पद से हटा दिया है और उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया है. विभागीय नियमों के अनुसार उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है.

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि दिल्ली पुलिस कानून के अनुसार काम करती है और हर मामले में निर्णय तथ्यों और कानून के आधार पर लिया जाता है. विभाग ने यह भी कहा कि मादक पदार्थों और अन्य अपराधों के खिलाफ अभियान जारी है और समाज में अपराध के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement