देश की राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है. पिछले कुछ दिनों से दिल्लीवासी तेज धूप और पसीने से जूझ रहे थे. लेकिन अब राजधानी ने आसमान में बादल और धूल की चादर ओढ़ ली और अब शहर के कई हिस्सों में बारिश हो रही है.
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है. बादल गरज रहे हैं, बिजली कड़क रही है और ट्रैफिक जाम जैसे हालात भी पैदा हो गए हैं.
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही गुरुवार को शहर के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया था. अलर्ट के मुताबिक दिल्ली में बादल गरजने और बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई थी.
एक तरफ पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश का दौर जारी है, वहीं राजस्थान सहित उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है.
गर्मी ने तोड़ा सीजन का रिकॉर्ड
दिल्ली में गुरुवार की सुबह इस सीजन की अब तक की सबसे गर्म सुबह दर्ज की गई. न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से ज्यादा है. वहीं, अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान था. चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान के बीच बारिश होने से गर्मी से राहत मिल सकती है.
मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि शुक्रवार शाम को दिल्ली में असामान्य रूप से बारिश हुई, क्योंकि बादलों की चादर छा जाने से हल्की से मध्यम बौछारें आईं, जिसके चलते शाम 4 बजे से 6 बजे के बीच कई स्थानों पर तापमान में 7-10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दिल्ली में अचानक मौसम बदलने की वजह राजस्थान और पाकिस्तान के पश्चिमी हिस्सों के ऊपर बना एक 'प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण' (Induced Cyclonic Circulation) है. मौसम विशेषज्ञों ने कहा, 'इन क्षेत्रों से धूल के कण दिल्ली-एनसीआर की ओर आए हैं, जिसकी वजह से धूल भरी धुंध की एक परत छा गई है और वायु गुणवत्ता में गिरावट आई है.'
यह भी पढ़ें: उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक, इन राज्यों में होगी बारिश, ऐसा रहेगा दिल्ली का मौसम!
वहीं, राजस्थान में आज 17 अप्रैल को एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल रहा है. गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनू, जयपुर, अलवर, कोटपूतली, बहरोड़ और दौसा सहित आसपास के जिलों में मेघगर्जन, 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.
शेखावाटी क्षेत्र, जो पंजाब-हरियाणा से सटा हुआ है, वहां इस सिस्टम का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और तेज आंधी भी दर्ज की गई है, जिससे अचानक मौसम ठंडा हुआ.
भीषण गर्मी का प्रकोप जारी
हालांकि आंधी-बारिश के इस असर के बावजूद राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी का कहर जारी है. प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. बाड़मेर 42.9°C तापमान के साथ सबसे गर्म जिला रहा, जो सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा है. जैसलमेर में तापमान 42.8°C दर्ज किया गया.
राज्य के 18 से ज्यादा शहरों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जिससे दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. गर्म हवाएं (लू) और तेज धूप लोगों को खासा प्रभावित कर रही हैं.
रात का तापमान भी बढ़ा, राहत नहीं
इस बार गर्मी का असर सिर्फ दिन तक सीमित नहीं है, बल्कि रात का तापमान भी तेजी से बढ़ रहा है. कई शहरों में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जो इस सीजन में पहली बार देखा गया. इस वजह से लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही, जिससे हीटवेव का असर और अधिक महसूस हो रहा है.
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी राजस्थान में आज आंधी-बारिश के चलते तापमान में 1-2 डिग्री की गिरावट हो सकती है. लेकिन इसके बाद अगले कुछ दिनों में फिर से 1-2 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है. अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में सामान्य से अधिक तापमान बने रहने के आसार हैं, खासकर पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का असर तेज हो सकता है.
यह भी पढ़ें: IMD Alert: एक तरफ बारिश-तूफान, दूसरी ओर गर्मी-लू का सितम, देश में मौसम की दोहरी मार
देशभर में मौसम का मिला-जुला असर
जहां राजस्थान में गर्मी अपने चरम पर है, वहीं देश के पहाड़ी राज्यों- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश का दौर जारी है. इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत में भी तेज बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट है. दूसरी ओर, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है.