राजधानी दिल्ली के सरिता विहार क्षेत्र के आली विहार इलाके में सामने आए सनसनीखेज डबल मर्डर केस ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. एक घर के बेड बॉक्स में मां और उसकी बेटी की लाश मिली थी. इस वारदात के करीब चार-पांच दिन बाद पुलिस ने गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी उसी बिल्डिंग में रहने वाला पड़ोसी निकला.
मृतका की पहचान 35 वर्षीय ज्योति और उसकी 6 साल की बेटी के रूप में हुई थी. महिला अपने पति सुदर्शन के साथ आली विहार के एक मकान की तीसरी मंजिल पर रहती थी. 20 फरवरी की शाम जब सुदर्शन घर पहुंचे, तो पत्नी और बेटी दोनों गायब थीं, जबकि कमरे में सामान बिखरा हुआ था. शक होने पर जब बेड के बॉक्स को खोला गया, तो अंदर मां-बेटी की लाश देखकर सभी के होश उड़ गए.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को भी मौके पर बुलाया गया. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
यह भी पढ़ें: दौसा में छह साल पहले की गई थी बच्चे की हत्या, शव की बरामदगी के लिए फिर शुरू की गई खुदाई
जांच के दौरान पुलिस को बिल्डिंग में रहने वाले 35 वर्षीय दीनदयाल पर शक हुआ, जो रिश्ते में मृतका का भांजा बताया जा रहा था और घटना के बाद से फरार था. उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था, जिससे शक और गहरा गया. पुलिस ने उसकी तलाश में कई जगहों पर छापेमारी शुरू की.
पेशे से अकाउंटेंट है आरोपी युवक
जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, इस हत्याकांड की परतें खुलती गईं. सूत्रों के अनुसार, आरोपी दीनदयाल पेशे से अकाउंटेंट है और मृतका के साथ उसके करीबी संबंध थे. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच संबंधों को लेकर अक्सर विवाद होता था. महिला के कथित तौर पर ज्यादा ‘पजेसिव’ व्यवहार से आरोपी परेशान हो चुका था.

इसी को लेकर आरोपी ने गुस्से में आकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. उसने पहले महिला की हत्या की और फिर मासूम बच्ची को भी मार डाला. हत्या के बाद उसने दोनों शवों को बेड के बॉक्स में छिपा दिया और मौके से फरार हो गया.
हत्या के बाद हरिद्वार भाग गया था आरोपी
हत्या के बाद आरोपी सीधे हरिद्वार भाग गया, जहां वह करीब दो दिन तक रहा. इसके बाद वह अपने पैतृक गांव दरभंगा पहुंच गया, ताकि पुलिस की नजरों से बच सके. हालांकि, पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और लगातार दबिश के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक कर ली और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
अब आरोपी को वापस दिल्ली लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी. पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच अभी जारी है और आरोपी से पूछताछ के बाद और भी खुलासे हो सकते हैं. यह भी जांच की जा रही है कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी या यह अचानक गुस्से में लिया गया फैसला था.