पिछले कुछ दिनों से माफी मांग रहे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर नेताओं से गठजोड़ का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया. दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास का घेराव करने पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया. इससे कांग्रेस कार्यकर्ता सीएम आवास तक नहीं पहुंच पाए. इस प्रदर्शन की अगुवाई दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने की.
इसमें हाल ही में कांग्रेस में वापस आए अरविंदर सिंह लवली और हारून यूसुफ भी शामिल रहे. इस दौरान अजय माकन ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री का नाम अरविंद केजरीवाल न होकर ‘माफीवाल’ और मफलरमैन न होकर ‘माफीमैन’ होना चाहिए. उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता को गुमराह करने के लिए केजरीवाल को न सिर्फ माफी मांगनी चाहिए, बल्कि नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि केजरीवाल अपनी बात पर टिके रहने का दम नहीं रखते हैं. वो और बार-बार अपना स्टैंड बदलते रहते हैं.
अजय माकन ने कहा कि अब बिल्कुल स्पष्ट हो गया है कि आम आदमी पार्टी (AAP) बीजेपी की बी-टीम है. कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अजय माकन ने कहा कि बहुत ही अजीब किस्म के व्यक्ति हैं, जो दिल्ली की जनता को बेवकूफ बनाकर वोट लेते हैं और सत्ता हथिया लेते हैं. इसके बाद अपनी ही कही गई बातों से मुकर कर माफी मांग लेते हैं.
माकन ने कहा कि ऐसा लगता है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पंजाब के पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के साथ साठगांठ हो गई है, जिसके चलते केजरीवाल ने माफी मांगकर उनको क्लीन चिट दे दी है, जबकि चुनाव के दौरान केजरीवाल ने ही मजीठिया पर ड्रग माफिया से संबंध रखने का आरोप लगाया था. माकन ने कहा कि यह माफीनामा उस समय आया है, जब स्पेशल टास्क फोर्स ने उच्च न्यायालय को अपनी रिपोर्ट दी है, जिसमें यह कहा गया है कि प्रथम दृष्टया बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं.
इस प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेता माकन ने कहा कि के दोहरे चरित्र और बीजेपी के साथ सांठगांठ को सड़कों पर उतर कर कांग्रेस जिला और ब्लॉक स्तर पर दिल्ली की जनता के सामने लाएगी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल की असलियत को कांग्रेस दिल्ली की जनता को बताएगी.