राजधानी दिल्ली के बारापूला फ्लाईओवर पर बुधवार शाम भीषण जाम देखने को मिला. दिल्ली से नोएडा जाने वाली सड़क पर पिछले एक से डेढ़ घंटे से यातायात प्रभावित रहा. इस दौरान वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
जानकारी के अनुसार यह जाम बारापूला फ्लाईओवर पर उस हिस्से में लगा रहा जहां से गाड़ियां साउथ दिल्ली के किदवई नगर, एम्स और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम की तरफ से होकर नोएडा की ओर जाती हैं. सड़क पर ट्रैफिक इतना ज्यादा था कि वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते नजर आए.
बारापूला फ्लाईओवर पर भीषण जाम
जो तस्वीरें सामने आई हैं, वो जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के पास की बताई जा रही हैं. बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे के आसपास यहां जाम की स्थिति साफ दिखाई दी. एम्स की ओर से आने वाली गाड़ियां जब स्टेडियम के पास पहुंचीं तो आगे लंबी कतारें लग गईं.
दिल्ली से नोएडा की तरफ जाने वाले मार्ग पर लगातार वाहनों का दबाव बना रहा, जिससे जाम और ज्यादा बढ़ गया. फ्लाईओवर पर कार, बाइक और अन्य वाहन धीरे-धीरे चलते नजर आए.
करीब डेढ़ घंटे से ट्रैफिक प्रभावित रहा
इस जाम के कारण ऑफिस से लौटने वाले लोगों और रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले यात्रियों को काफी समय तक फंसे रहना पड़ा. बारापूला फ्लाईओवर पर जाम की स्थिति देर तक बनी रही. फिलहाल दिल्ली से नोएडा जाने वाले इस रूट पर ट्रैफिक की रफ्तार बेहद धीमी रही और वाहन चालकों को सतर्क होकर निकलने की जरूरत पड़ी.
बता दें, दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे एआई समिट के दौरान VIP रूट लागू होने के कारण ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुआ. बुधवार शाम करीब 7 बजे से लोधी रोड फ्लाईओवर को यातायात के लिए बंद कर दिया गया, जिससे मूलचंद से आईटीओ की ओर जाने वाली सड़क पर लंबा जाम लग गया. बीआरटी रोड पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं. फ्लाईओवर के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी है. आगे ओबेरॉय होटल के पास VIP मूवमेंट के चलते यातायात डायवर्ट किया जा रहा है.