उत्तर एमसीडी (NDMC) के बाद अब दक्षिण (SDMC) और पूर्व एमसीडी (EDMC) ने भी सभी रेस्टोरेंट्स को चिकन और अंडे से जुड़े डिशेज नहीं परोसने के निर्देश जारी किए हैं. राष्ट्रीय राजधानी में बर्ड फ्लू की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. इससे पहले उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने भी पोल्ट्री या प्रोसेस्ड चिकन को रखने और इसकी बिक्री करने पर प्रतिबंध लगा दिया है. अब इन सभी नगर निगमों के दायरे में आने वाले दुकानों में पोल्ट्री या प्रोसेस्ड 'चिकन' नहीं बेची जा सकेगी, न ही रेस्तराओं में इन्हें परोसा जा सकेगा.
एनडीएमसी के पशु चिकित्सा सेवा विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि ग्राहकों को अंडा आधारित व्यंजन या पोल्ट्री मांस तथा अन्य संबंधित उत्पाद परोसे जाने पर रेस्तराओं और होटलों के मालिकों को कार्रवाई का सामना करना होगा. इसमें कहा गया है कि आदेश जनहित में जारी किया गया है और इसका पालन किया जाना चाहिए.
निगम ने कहा, ''उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अंतर्गत आने वाली मांस और पोल्ट्री की दुकानों, मांस प्रसंस्करण इकाइयों के पोल्ट्री या प्रोसेस्ड या पैक 'चिकन' को बेचने या रखने पर तत्काल प्रभाव से अगले आदेशों तक रोक लगा दी गई है."
सोमवार को दिल्ली में मृत मिले कौओं और बत्तखों के नमूनों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी. इसके बाद दिल्ली सरकार ने शहर के बाहर से लाए गए प्रोसेस्ड और पैक चिकन की बिक्री पर रोक लगा दी थी. अधिकारियों ने गाजीपुर मुर्गा मंडी को भी बंद कर दिया है.
बीते एक सप्ताह में पूर्वी दिल्ली के संजय झील इलाके में कई बत्तखें और शहर के अलग-अलग पार्कों में बड़ी संख्या में कौए मृत मिले हैं.