scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के चालू होते ही मुस्लिमों ने खोले इसके नट-बोल्ट? नहीं, ये रही इस वीडियो की सच्चाई

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जोड़कर गलत दावा किया गया, जबकि फैक्ट चेक में यह बिहार के पटना का पुराना वीडियो निकला.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के एक हफ्ते के अंदर ही मुस्लिम समुदाय के लोग इसके नट बोल्ट चोरी करते नजर आए.
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
ये पटना, बिहार के डबल डेकर फ्लाईओवर का जून 2025 का वीडियो है.

किसी एलिवेटेड रोड के किनारे लगी लोहे की बाउंड्री के नट-बोल्ट खोलते बच्चों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर हो रहा है. कुछ लोगों का कहना है कि ये दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का वीडियो है, जिसके उद्घाटन के अगले दिन ही मुस्लिमों ने ये करतूत कर दी.  

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी महीने 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्धाटन किया था.

वायरल वीडियो में जब नट-बोल्ट खोल रहे बच्चे अचानक भागने लगते हैं तो एक व्यक्ति कहता है, "मतलब कि, तुम लोग चोरी करना चालू कर दिया. ये शरीफ बच्चे देख लीजिये. नट खोलना अभी से ही चालू कर दिया, पुल बना नहीं कि. ये सारे बच्चे जो हैं, इसका नट खोलना चालू कर दिए, बताइये."  

एक एक्स यूजर ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, "दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे खुलने के सिर्फ एक हफ्ते के भीतर ही मदरसा छाप वहां से नट-बोल्ट चोरी करते नजर आए. इन जिहादियों का इलाज जरूरी हैं देश की तरक्की में रोड़ा हैं ये जिहादी."  

पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

आज तक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो न तो हाल-फिलहाल का है और न ही दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का है. ये जून 2025 का बिहार का वीडियो है.

Advertisement

कैसे पता लगाई सच्चाई?  

वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से ये हमें कांग्रेस के 12 जून, 2025 के एक एक्स पोस्ट में मिला. यहां इसे पटना के डबल डेकर ब्रिज का वीडियो बताया गया है. उस वक्त कांग्रेस ने सवाल उठाया था कि पटना में बने करोड़ों के डबल डेकर ब्रिज के उद्घाटन के बाद एक ही दिन में नट-बोल्ट या तो ढीले हो गए या चोरी हो गए.

11 जून, 2025 को पटना में बिहार के पहले डबल डेकर फ्लाईओवर का उद्घाटन हुआ था.

खबरों के अनुसार कारगिल चौक से साइंस कॉलेज को जोड़ने वाला ये फ्लाईओवर 422 करोड़ की लागत से बना था.

नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, उद्घाटन के अगले ही दिन, कुछ लड़के सिक्योरिटी रेलिंग के नट बोल्ट खोलते नजर आए थे.

न्यूज 18 ने  वीडियो बनाने वाले शुभम कुमार नाम के शख्स से बात की थी. उन्होंने बताया था कि 12 जून की सुबह जब उन्होंने और उनके भैया संतोष ने कुछ बच्चों को नट खोलते देखा तो उन्होंने उन्हें डांटा. इस पर वो सारे नट वहीं छोड़कर भाग गए. शुभम ने ये भी अंदेशा जताया था कि उनमें से कुछ बच्चे नशे में थे. वीडियो के वायरल होने के बाद प्रशासन ने रेलिंग के सभी नट-बोल्ट की वेल्डिंग करवाई थी.

Advertisement

हमने गूगल मैप्स पर मौजूद पटना के डबल डेकर फ्लाईओवर की तस्वीर की तुलना वायरल वीडियो से की तो पाया कि दोनों के किनारे पर लगी लोहे की बाउंड्री का डिजाइन एक जैसा ही है.

साफ है, करीब दस महीने पुराना वीडियो अब दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का बताकर शेयर किया जा रहा है. 

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Advertisement