
एक्ट्रेस तुनिशा शर्मा ने शनिवार को टीवी सीरियल के सेट पर फांसी लगाकर आत्महत्या की है. परिजन ने तुनिशा के दोस्त पर गंभीर आरोप लगाए हैं. घटना को लेकर हर किसी के मन में कई सवाल उठ रहे हैं. सुसाइड करने से 6 घंटे पहले तुनिशा ने मेकअप रूम से इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की थी. जिसमें उनके चेहरे पर हल्की सिकन देखी जा रही है. हालांकि, कहीं से भी अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है कि वो जिंदगी में इतना बड़ा कदम उठा सकती हैं.
तुनिशा ने जो इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की है, उसमें वो मेकअप रूम में तैयार होती नजर आ रही हैं. तुनिशा को देख कर बिल्कुल पता नहीं लग रहा कि वो सुसाइड करने की सोच सकती हैं. हालांकि, वीडियो में उनके चेहरे पर मायूसी जरूर नजर आ रही है. पर फिर भी उन्होंने एक्सप्रेशन से अपने गम को जाहिर नहीं होने दिया.

कम उम्र में बना ली पहचान
तुनिशा को 'फितूर', 'बार बार देखो' और 'कहानी 2' जैसे फिल्मों में देखा गया था. तुनिशा ने महज 20 साल की उम्र में कामयाबी की बड़ी उड़ान भर ली थी. तुनिशा 'अली बाबा दास्तान-ए-काबुल', 'इंटरनेट वाला लव', 'इश्क सुभल्लाह', और 'शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह' जैसे कई शोज में काम कर चुकी थीं. टेलीविजन पर अपनी पहचान बनाने वाली तुनिशा कैटरीना कैफ और विद्या बालन की फिल्म में भी नजर आ चुकी हैं.
क्यों किया सुसाइड?
तुनिशा ने बताौर चाइल्ड आर्टिस्ट करियर की शुरूआत की थी. छोटी उम्र में तुनिशा शर्मा टीवी और फिल्मी जगत का जाना-माना चेहरा बन चुकी थीं. इस तरह देखा जाए, तो उन्हें करियर में शायद ही कोई दिक्कत थी. सोशल मीडिया पर भी वो काफी एक्टिव रहती हैं. तुनिशा शर्मा की सोशल मीडिया प्रोफाइल देख कर पता चलता है कि वो एक जिंदादिल इंसान थीं. इन दिनों वो एक्टर शिविन नारंग के साथ म्यूजिक वीडियो भी शूट कर रही थीं.

अंदर से बंद था दरवाजा
मुंबई में तुनिशा अपनी मां के साथ रहती थीं. ये घटना अलीबाबा के सेट की है. सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को तुनिशा अपने को-स्टार शीजान के मेकअप रूम पहुंचीं. जबकि शीजान शूटिंग को लेकर बिजी थे. शीजान ने बताया कि जब वे शॉट के बाद मेकअप रूम में पहुंचे तो अंदर से गेट बंद मिला. उन्होंने कई बार आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं आया. इसके बाद मेकअप रूम का दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर तुनिशा बेसुध हालत में मिलीं. उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया. एक्ट्रेस का शव Nalasopara हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है.