टीवी एक्ट्रेस रुबीना दिलैक ने अपनी प्रेग्नेंसी के दौर को याद करते हुए दोस्ती और रिश्तों को लेकर दिल छू लेने वाली बातें शेयर की. उन्होंने बताया कि मुश्किल समय में कौन उनके साथ खड़ा रहा और कैसे इस अनुभव ने उन्हें सच्चे रिश्तों की पहचान कराई. रुबीना ने साथ ही बताया कि वो उन लोगों को अपनी जिंदगी से बाहर कर चुकी हैं, जो उनके साथ नहीं थे.
अकेली पड़ीं रुबीना का टूटा दिल
रुबीना ने हाल ही में अपने पॉडकास्ट में जन्नत जुबैर को बुलाया. और बातचीत के दौरान अपने नाजुक पलों को याद किया. रुबीना ने अपनी प्रेग्नेंसी के समय को याद करते हुए बताया कि उस दौरान उनके कई करीबी दोस्त उनके साथ नहीं थे. उन्होंने जन्नत जुबैर की तारीफ करते हुए कहा- जब मैं प्रेग्नेंट थी, तुम मुझसे मिलने आई थीं. जब मेरी बेटियां हुईं, तब भी तुम आईं. जन्नत, मैं सच कहूं तो वो प्रेग्नेंसी मेरे लिए जिंदगी बदल देने वाला अनुभव था. मैंने अपने उन दोस्तों से दूरी बना ली, जो कहते थे कि वो मेरे दोस्त हैं. वो पार्टी में होते थे, अच्छे दिनों में होते थे, कभी-कभी बुरे दिनों में भी, लेकिन सबसे मुश्किल समय में मेरे साथ नहीं थे. जब मैं प्रेग्नेंट थी, तब वो मेरे पास नहीं आए. इसलिए मैंने बिना कुछ कहे उन्हें अपनी जिंदगी से दूर कर दिया, क्योंकि मेरे हिसाब से दोस्ती ऐसी ही होनी चाहिए.
जन्नत जुबैर में मिला अच्छा दोस्त
रुबीना ने आगे कहा- दोस्ती एक अनकहा रिश्ता होता है, जिसमें ये जरूरी नहीं कि हम हमेशा साथ में ट्रिप पर जाएं, पार्टी करें या अच्छा समय बिताएं. रुबीना ने जन्नत की तारीफ करते हुए कहा- तुमने मुझे दोस्ती का असली मतलब समझाया है, और मैं इसे हल्के में नहीं लेती.
रुबीना ने ये भी बताया कि वो अपने रिश्तों को हल्के में नहीं लेतीं और दूसरों से भी वही उम्मीद रखती हैं. उन्होंने कहा- इस पॉडकास्ट के लिए भी मैं तुम्हें पहले बुला सकती थी, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया, क्योंकि मैं किसी को भी हल्के में नहीं लेती.
वहीं जन्नत ने भी रुबीना का शुक्रिया अदा किया और कहा- मेरी जिंदगी के हर मुश्किल समय में तुम मेरे साथ रही हो. मुझे याद है, शुरुआत में हमारी बॉन्डिंग अच्छी नहीं थी, लेकिन यही असली रिश्ते की खूबसूरती है. ये बनावटी नहीं था, ना ही जबरदस्ती का. हमें शुरुआत में एक-दूसरे को पसंद करना जरूरी नहीं था, लेकिन धीरे-धीरे हमारे बीच अपनापन बढ़ता गया. और यही इस रिश्ते को खास बनाता है. ये आज भी मजबूत है, बढ़ रहा है और आगे भी बढ़ता रहेगा.