यूट्यूब पर कई ट्रैवल व्लॉगर्स हैं, जो अपनी ट्रैवल जर्नी से लोगों को प्रेरित करते रहते हैं. उन्हें देखकर कई लोग दुनिया घूमने निकल पड़ते हैं. मगर कभी-कभी कुछ यूट्यूबर्स के साथ ऐसा भी हो जाता है, जब उन्हें देश में घुसने से पहले ही वापस भेज दिया जाता है.
यूट्यूबर सचिन की ट्रिप हुई बर्बाद
हाल ही में कुछ ऐसा ही यूट्यूबर और ट्रैवल व्लॉगर सचिन अवस्थी के साथ हुआ, जिन्हें अपनी पत्नी के साथ साउथ कोरिया और चीन में 'डीटेन' कर लिया गया. इसकी जानकारी उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दी. सचिन ने अपने पोस्ट में बताया कि वो अपनी इस नई ट्रिप के लिए बेहद एक्साइटेड थे. लेकिन साउथ कोरिया के जीजू आइलैंड पर लैंड होते ही, उन्हें वहां के ऑफिसर्स ने डीटेन कर लिया. वो और उनकी पत्नी एक बंद कमरे में रहे, जहां उनके साथ किसी क्रिमिनल की तरह बर्ताव किया गया. फिर, जब वो चीन के जरिए साउथ कोरिया जा रहे थे, तब भी उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ा था.
यूट्यूबर के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया में करीब 38 घंटों का समय बीत गया. जबतक उन्हें वापस जाने के लिए कहा गया, तबतक वो पूरी तरह थक चुके थे. सचिन ने लिखा 'हम लोग इस ट्रिप के लिए एक्साइटेड थे, मगर कुछ ही घंटों में सब बदल गया. हमें देश के अंदर एंट्री लेने से मना किया गया और वेटिंग एरिया में भेजा गया. उन्होंने इस दौरान हमें एंट्री नहीं लेने का कारण भी नहीं बताया, बस घंटों एक बंद कमरे में बैठाए रखा जहां सूरज की रौशनी भी ना पहुंच सके.'
'हमें जेल जैसा खाना दिया गया. फिर, चीन से जाते वक्त भी लंबा इंतजार कराया गया. हमपर नजर रखी गई, वॉशरूम में भी अकेले नहीं किसी ऑफिसर के साथ भेजा गया. फोन का इस्तेमाल नहीं करने दिया और खाना-पानी कुछ नहीं दिया. जबतक हमें वापस जाने के लिए कहा गया, हम पूरी तरह थक चुके थे. हमारी वापसी की फ्लाइट 10 गुना महंगी पड़ी, लेकिन हमने उसे खरीदा क्योंकि हम सुरक्षित घर पहुंचना चाहते थे.'
सचिन अवस्थी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वो ये बातें किसी सहानुभूति पाने के लिए नहीं, बल्कि अपना एक्सपीरियंस शेयर करने के लिए कह रहे हैं ताकि लोगों को इसके बारे में पता चले. यूट्यूबर ने इसका एक पूरा व्लॉग भी बनाया है, जिसे उन्होंने अपने चैनल पर शेयर किया. सचिन के चाहने वालों के इस मुद्दे पर हैरान करने वाले रिएक्शन सामने आ रहे हैं. उनका दिल टूट गया है और उन्हें अब डर लगने लगा है.