पंजाबी सिंगर और एक्ट्रेस सुनंदा शर्मा हाल ही में तब चर्चा में आई थीं, जब एक छात्र ने उनके साथ स्टेज पर मिसबिहेव कर दिया था. लेकिन अब उनका नाम फिर सुर्खियों में आ गया है. इसकी वजह भी उनके कॉन्सर्ट ही हैं.
सुनंदा के उत्तर प्रदेश में लगातार हुए तीन लाइव शो अब विवादों में आ गए हैं. सिंगर लगातार अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर इन कॉन्सर्ट्स की खुशी जाहिर कर रही हैं. लेकिन बैक स्टोरी कुछ और ही कहती है. सुनंदा के एक के बाद एक हर लाइव शो की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. गाजियाबाद, मेरठ और बरेली की प्राइवेट यूनिवर्सिटीज में हुए इन कॉन्सर्ट्स में अलग-अलग घटनाएं सामने आईं, जिनसे काफी हंगामा मच गया.
फैन ने डराया
पहला इंसीडेंट गाजियाबाद के राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (RKGIT) में हुआ. शो के दौरान एक फैन अचानक स्टेज पर चढ़ गया और उसने सुनंदा शर्मा के पैर छू लिए. इस घटना से वो घबरा गईं, जोर से चिल्लाईं और बीच में ही परफॉर्मेंस छोड़कर चली गईं.
पुलिस ने तुरंत उस व्यक्ति को पकड़ लिया, जो उसी इंस्टीट्यूट का स्टूडेंट बताया गया. इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए. स्टूडेंट के माफी मांगने के बाद, सुनंदा ने भी एक वीडियो शेयर कर कहा कि इस घटना से सभी लोग डर गए थे. उन्होंने ये भी कहा कि उस छात्र की नीयत गलत नहीं थी, बस उसने अपना प्यार गलत तरीके से जताया. उन्होंने उसे माफ कर दिया और मैनेजमेंट से भी उसे माफ करने की अपील की.
फिर हुआ विवाद...
इसके एक दिन बाद मेरठ की सुभारती यूनिवर्सिटी में 'स्पार्क-2026' फेस्ट के दौरान दूसरी घटना हुई. पुलिस के मुताबिक, स्टेज के पास बैठने और आगे जाने को लेकर छात्रों के बीच बहस हो गई. ये विवाद इतना बढ़ गया कि छात्रों के बीच मारपीट शुरू हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए और कुछ के कपड़े भी फट गए.
माहौल बिगड़ने पर कार्यक्रम को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा. एसपी (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है और जांच जारी है.
बरेली में छात्रों पर फोड़ा ठीकरा
तीसरी घटना रविवार रात बरेली की फ्यूचर यूनिवर्सिटी में 'फ्यूचर फेस्ट' के दौरान हुई. यहां 10,000 से ज्यादा छात्र कार्यक्रम में पहुंचे थे. भीड़ बेकाबू हो गई और कई लोग बैरिकेड तोड़कर स्टेज के पास जाने की कोशिश करने लगे.
स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और हल्का बल प्रयोग किया गया. एक पुलिसकर्मी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बहुत कम बल का इस्तेमाल किया गया.
इसका वीडियो भी सामने आया. एक रील में असल सिचुएशन दिखाते हुए बताया गया कि किस तरह छात्रों को पुलिस ने भारी बल का इस्तेमाल कर वहां से भगाया. वहां कई फीमेल स्टूडेंट्स भी थीं, पुलिस ने किसी की परवाह नहीं कि और डंडो से छात्रों को हड़काते हुए उस जगह को खाली कराया.
वीडियो में पुलिस छात्रों पर लातें भी चलाती दिखी. बताया गया कि जब मैनेजमेंट पूरी व्यवस्था नहीं कर पाया तो गुस्सा छात्रों पर निकाला. अपनी नाकामयाबी छुपाने के लिए बात छात्रों पर डाली गई.