फेमस भोजपुरी सिंगर निशा उपाध्याय इन दिनों जबरदस्त चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई गाना नहीं बल्कि एक वायरल वीडियो है. एक लाइव स्टेज शो के दौरान निशा को गुस्सा करते हुए देखा गया और उन्होंने सरेआम शो के एंकर को मारने के लिए सैंडल तक निकाल ली.
दरअसल, परफॉर्मेंस के बीच में एंकर ने निशा की फीस को लेकर कुछ ऐसी भद्दी और अश्लील टिप्पणी कर दी, जिसे सुनकर सिंगर अपना आपा खो बैठीं. इस घटना ने एक बार फिर भोजपुरी इंडस्ट्री के लाइव शोज में बढ़ती अश्लीलता और कलाकारों के साथ होने वाले बर्ताव पर एक बड़ी बहस छेड़ दी है.
वायरल हुआ वीडियो
निशा उपाध्याय का ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. जो सारण जिले के किसी इवेंट का बताया जा रहा है. वीडियो में मंच पर लोग इकट्ठा हुए हैं. सिंगर निशा उपाध्याय काफी गुस्से में नजर आ रही हैं और उनके हाथ में सैंडल है. वो उन्हें मारने दौड़ रही हैं, उनके साथ के लोग भी भड़के हुए हैं. सोशल मीडिया पर लोग निशा के इस कदम की तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि बदतमीजी करने वालों को ऐसा ही सबक सिखाना चाहिए.
आखिर क्या था पूरा मामला?
सिंगर निशा उपाध्याय ने भरे मंच से आरोप लगाया कि एंकर उनसे उनका रेट पूछ रहा था. इतना सुनने के बाद ही निशा काफी भड़क उठीं. वहीं सोशल मीडिया हैंडल 'द बिहार' पर इस वीडियो को शेयर किया गया है. जिसमें लिखा है, 'भोजपुरी सिंगर निशा उपाध्याय ने भरे मंच पर एंकर को चप्पल मार दी. आरोप है कि एंकर निशा उपाध्याय का रेट बता रहा था. भोजपुरी स्टेज शो आजकल सॉफ्ट पोर्न में बदल गया है, जहां फूहड़ता की सारी हदें पार की जा रही हैं. सरकार डीजे बंद कर रही है, लेकिन अश्लील और फूहड़ स्टेज शो पर कुछ नहीं बोल रही.'
कौन हैं निशा उपाध्याय?
भोजपुरी संगीत की दुनिया में निशा उपाध्याय एक जाना-माना नाम हैं. वह मूल रूप से बिहार के सारण जिले के गौर बसंत गांव की रहने वाली हैं और फिलहाल पटना में रहती हैं. अपनी दमदार आवाज और लोक गीतों के खास अंदाज की वजह से उन्होंने बिहार के साथ-साथ पूरे देश में अपनी एक अलग पहचान बनाई है. उनके कार्यक्रमों में अक्सर हजारों की भीड़ जुटती है.