
बॉन्ड, जेम्स बॉन्ड... ये नाम हम सभी ने दशकों से सुना और पसंद किया है. जेम्स बॉन्ड का किरदार सोचते ही एक्टर डेनियल क्रेग का चेहरा याद आता है. बीते वक्त में हॉलीवुड एक्टर ने एक नहीं बल्कि 5 जेम्स बॉन्ड फिल्मों- 'कसीनो रॉयाल', 'क्वांटम ऑफ सोलेस', 'स्काईफॉल', 'स्पेक्टर' और 'नो टाइम टू टाइम' में काम किया था. मगर जब से डेनियल ने सीक्रेट एजेंट 007 के किरदार को पीछे छोड़ने का फैसला किया है, मेकर्स समेत दुनियाभर के फैंस परेशानी में पड़ गए हैं.
लंबे वक्त से चर्चा हो रही है कि अगला जेम्स बॉन्ड कौन होगा. डेडलाइन से बातचीत में 007 की कास्टिंग डायरेक्टर नीना गोल्ड ने कहा है कि अगला जेम्स बॉन्ड जो भी हो उसमें से 'सेक्स अपील फूटनी चाहिए'. इसके अलावा उन्हें ऐसे शख्स की दरकार है जो हैंडसम होने के साथ-साथ यंग भी हो, ताकि आने वाले वक्त में बॉन्ड फ्रेंचाइजी की 3-4 या फिर उससे ज्यादा फिल्मों में काम कर सके. नीना गोल्ड ने अमेजन एमजीएम के साथ डील साइन कर अपने परफेक्ट जेम्स बॉन्ड की तलाश शुरू भी कर दी है.

इन नामों के बीच हो रही रेस?
हॉलीवुड स्टार्स कैलम टर्नर, हैरिस डिकिनसन, जेकब एलॉर्डी, टॉम हॉलैंड, एरन टेलर-जॉनसन, हेनरी कैविल, जोनाथन बेली, थिओ जेम्स, जैक लोडेन, जमेस नोर्टन समेत कई अन्य के नामों की चर्चा रह-रहकर हो रही है. मेकर्स से लेकर हॉलीवुड इनसाइडर्स और ऑडियंस को ये जानने में दिलचस्पी है कि आखिर अगला एजेंट 007 कौन होगा और क्या वो बखूबी इस भारी-भरकम रोल के साथ आने वाली जिम्मेदारी को निभा पाएगा.
राष्ट्रपति ट्रंप को भी है चाहत
एक वक्त तो ऐसा भी आया था जब माना जा रहा था कि जेम्स बॉन्ड के किरदार का जेंडर भी पलटा जा सकता है. इस बार बॉन्ड मेल नहीं बल्कि फीमेल होगा. इसके लिए ब्रिटिश एक्ट्रेस लशाना लिंच (Lashana Lynch) के नाम के चर्चे भी हुए, मगर अभी तक कुछ भी फाइनल नहीं हो पाया है. दूसरी तरफ इस रेस में अब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी कूद पड़े हैं. 17 मई को व्हाइट हाउस के ऑफिशियल एक्स (पहले ट्विटर) हैंडल से ट्रंप का एक फोटो पोस्ट किया गया, जिसमें उन्हें 007 स्टाइल में गन हाथ में थामे देखा गया.
जॉन अब्राहम को बनाओ इंडियन बॉन्ड
भारत की तरफ से भी एजेंट 007 का किरदार निभाने के लिए उम्मीदवार खड़ा कर दिया गया है. डायरेक्टर शेखर कपूर ने अपने मन से एक्टर जॉन अब्राहम का नाम नॉमिनेट किया. शेखर का कहना था कि जॉन ही वो एक्टर हैं, जो जेम्स बॉन्ड के किरदार को बखूबी निभा सकते हैं. इस सोच के लिए जॉन अब्राहम ने डायरेक्टर का शुक्रिया भी अदा किया.

बॉक्स ऑफिस पर भी बॉन्ड का तहलका
1962 से लेकर अभी तक लेजेंडरी एक्टर शॉन कॉनरी, जॉर्ज लेजनबी, रॉजर मूर, टिमथी डाल्टन, पियर्स ब्रॉसनन और डेनियल क्रेग, जेम्स बॉन्ड के आइकॉनिक किरदार को निभा चुके हैं. सभी की फिल्मों ने अपने वक्त में कमाल किया और बॉक्स ऑफिस पर सफल साबित हुईं. क्रेग की जेम्स बॉन्ड फिल्मों की बात करें तो 2006 में आई 'कसीनो रॉयाल' ने 606 मिलियन डॉलर यानी लगभग 5846 करोड़ रुपये, 2008 में 'क्वांटम ऑफ सोलेस' ने 586 मिलियन डॉलर यानी 5654 करोड़ रुपये, 2012 में आई 'स्काईफॉल' ने 1108 मिलियन डॉलर 10,693 करोड़ रुपये, 2015 में आई 'स्पेक्टर' ने 880 मिलियन डॉलर यानी 8492 करोड़ रुपये और 2021 में आई 'नो टाइम टू टाइम' ने 771 मिलियन डॉलर यानी 7439 करोड़ रुपये की कमाई की थी.