इंडियन क्रिकेट के 'सिक्सर किंग' युवराज सिंह और बॉलीवुड एक्ट्रेस हेजल कीच की लव स्टोरी से तो हर कोई वाकिफ है. मैदान पर अपनी बल्लेबाजी से गेंदबाजों के पसीने छुड़ाने वाले युवराज आज अपनी जिंदगी की सबसे खूबसूरत और जिम्मेदारी भरी पारी खेल रहे हैं. दोनों बच्चों-बेटा ओरियन और बेटी ऑरा के पिता बन चुके युवराज ने हाल ही में पेरेंटिंग को लेकर दिल छू लेने वाली बातें शेयर की हैं.
उन्होंने बताया कि कैसे पिता बनने के बाद उनके जीवन का पूरा नजरिया ही बदल गया है. युवराज का मानना है कि जो प्यार उन्हें अपने बच्चों से मिला है, उसे केवल एक्सपीरियंस किया जा सकता है, शब्दों में बयां करना नामुमकिन है.
पिता बनना दुनिया का सबसे बेहतरीन एहसास
My FM India को दिए इंटरव्यू में अपनी भावनाओं को जाहिर करते हुए युवराज सिंह ने कहा कि पिता बनना उनके लिए एक जादुई अनुभव रहा है. उन्होंने पुरानी यादें ताजा करते हुए बताया, 'जब मैं छोटा था, तो मेरे माता-पिता अक्सर कहते थे कि जब तुम्हारे खुद के बच्चे होंगे, तब तुम्हें पता चलेगा कि असल प्यार क्या होता है. आज मुझे उनकी बात बिल्कुल सच लगती है.' युवराज ने बताया कि अपने बच्चों को बड़ा होते देखना और उनकी छोटी-छोटी हरकतों में खुद की झलक पाना एक बेहद इमोशनल पल होता है.
बच्चों को मिले पूरी आजादी
जब युवराज से यह सवाल किया गया कि क्या वे अपने बच्चों को भी क्रिकेटर बनाना चाहते हैं, तो उन्होंने साफ कहा कि वे अपने बच्चों पर किसी भी तरह का मानसिक दबाव नहीं डालेंगे. युवराज का मानना है कि बच्चों को हर चीज आजमाकर देखनी चाहिए- चाहे वह खेल हो या पढ़ाई. उन्होंने कहा, 'मैं चाहता हूं कि मेरे बच्चे अपनी पसंद खुद चुनें. वे अलग-अलग खेलों का अनुभव लें और जिसमें उनकी रुचि हो, उसी में आगे बढ़ें.'
अपने पिता से लिया सबक
युवराज सिंह ने पेरेंटिंग के मामले में एक 'बारीक रेखा' (Fine Line) का जिक्र किया. उन्होंने माना कि किसी बच्चे पर कितना दबाव डालना चाहिए, यह समझना बहुत जरूरी है. युवराज ने अपने पिता योगराज सिंह के सख्त मिजाज को याद करते हुए कहा, 'हमारी पीढ़ी में जो पिता खुद खिलाड़ी थे, वे अपने बच्चों पर बहुत ज्यादा दबाव डालते थे. मेरे पिता भी उन्हीं में से एक थे.'
परवरिश का एक नया तरीका
युवराज आज के दौर के हिसाब से खुद को ढाल रहे हैं. उनका मानना है कि माता-पिता के तौर पर बच्चों को मार्गदर्शन देना जरूरी है, लेकिन उनकी पसंद-नापसंद का सम्मान करना उससे भी ज्यादा अहम है. उन्होंने जोर देकर कहा कि वे अपने बच्चों को उतना ही बढ़ावा देंगे जितनी जरूरत है, ताकि वे बिना किसी तनाव के अपने सपनों को पूरा कर सकें बता दें कि हेजल और युवराज की शादी 2016 में हुई थी.