फेमस सिंगर और रैपर बादशाह के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने उन्हें उस विवादित मामले में बड़ी राहत दी है. उनके गाने 'टटीरी' के बोलों को लेकर शुरू हुए विवाद में अब बादशाह के सिर से गिरफ्तारी का संकट पूरी तरह टल गया है .
दरअसल इस गाने के लिरिक्स पर मचे बवाल के बाद दर्ज हुई एफआईआर ने बादशाह की मुश्किलें बढ़ा दी थीं, लेकिन अब अदालत की कार्यवाही के दौरान पुलिस के रुख और कोर्ट के निर्देशों ने उन्हें बड़ी राहत पहुंचाई है.
पूरा मामला बादशाह के गाने 'टटीरी' से जुड़ा हुआ है. इस गाने में इस्तेमाल किए गए कुछ शब्दों और बोलों को लेकर आपत्ति जताई गई थी, जिसके बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई. शिकायतकर्ताओं का मानना था कि गाने के बोल समाज के एक वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं. इसी मामले को लेकर बादशाह पर गिरफ्तारी की तलवार भी लटक रही थी.
पुलिस ने कोर्ट में दिया बयान
हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान पुलिस ने इस मामले में एक पॉजिटिव रिपोर्ट पेश की. पुलिस ने अदालत को स्पष्ट रूप से बताया कि उन्हें अब बादशाह को गिरफ्तार करने की कोई आवश्यकता नहीं है. इसके पीछे का मुख्य कारण यह बताया गया कि बादशाह लगातार जांच में सहयोग कर रहे हैं और जब भी उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया, वे शामिल हुए. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 'मामले में दर्ज सभी धाराएं जमानती हैं, इसलिए उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई. हालांकि, जरूरत पड़ने पर उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है.
लुक आउट नोटिस भी वापस
सिर्फ गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि बादशाह के विदेश जाने पर लगी पाबंदियों में भी ढील मिलने वाली है. कोर्ट की कार्यवाही के दौरान यह बात सामने आई कि उनके खिलाफ जारी किया गया 'लुक आउट नोटिस' भी अब वापस ले लिया जाएगा. इसका मतलब यह है कि अब बादशाह को अपने काम के सिलसिले में विदेश जाने या यात्रा करने में वैसी कानूनी बाधाओं का सामना नहीं करना पड़ेगा.
कोर्ट ने यह साफ कर दिया है कि राहत मिलने के बावजूद बादशाह को जांच प्रक्रिया का हिस्सा बने रहना होगा. क्योंकि वह जांच में पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं, इसलिए कोर्ट ने उनकी आजादी और सहयोग के बीच संतुलन बनाए रखने का निर्देश दिया है.