टीवी के शक्तिमान यानी मुकेश खन्ना ने हाल ही में स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना के शो को लेकर चल रहे विवाद पर खुलकर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि आजकल ऑनलाइन जो कंटेंट बनाया जा रहा है, वो सिर्फ गलत ही नहीं बल्कि युवाओं के लिए नुकसानदायक भी है. उन्होंने साफ कहा कि जिन लोगों के पास बड़ा प्लेटफॉर्म है, उन्हें ये समझना चाहिए कि वो क्या दिखा रहे हैं और उसका असर क्या होगा.
'पैसे के लिए युवाओं को बिगाड़ा'
रणवीर इलाहाबादिया और समय रैना से जुड़े ‘India’s Got Latent’ विवाद पर बात करते हुए मुकेश खन्ना ने कहा कि लोग ऐसे कंटेंट को भी डिफेंड कर रहे हैं. जूम को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा- आप उसे बचा रहे हैं, ये कहकर कि वो मेडिटेशन करता है और आपके शो पर आया है. मतलब आप उस बात की जिम्मेदारी ले रहे हैं जो आपके प्लेटफॉर्म पर कही गई. आपको शर्म भी नहीं आ रही. वहां बैठे सभी लोग हंस रहे थे, एक लड़की भी हंस रही थी. मैं हैरान था- क्या यही हमारे देश का भविष्य है?
नाराज हुए 'शाक्तिमान', नहीं हुई बच्चों की मौत
मुकेश खन्ना ने शक्तिमान को लेकर समय रैना की टिप्पणी पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा- जो इंसान ऐसे कंटेंट की जिम्मेदारी लेता है और दूसरों को क्रिटिसाइज करता है, उसे शाक्तिमान जैसे किरदार पर बोलने का कोई हक नहीं है.
उन्होंने शो से जुड़े पुराने विवादों का जिक्र करते हुए कहा- उसे ये तक नहीं पता कि इस शो की वजह से कोई बच्चा नहीं मरा था. कुछ लोगों ने ऐसी अफवाहें फैलाई थीं, लेकिन मैंने उस वक्त भी सब साफ किया था. हमने कोर्ट में केस भी जीते थे. बेगूसराय और पुणे जैसी जगहों की रिपोर्ट्स गलत साबित हुई थीं. वो घटनाएं किसी और वजह से हुई थीं, लेकिन उन्हें शाक्तिमान से जोड़ दिया गया.
मुकेश खन्ना ने आगे कहा कि शाक्तिमान 7 साल तक चला, यही इसकी अच्छाई और लोकप्रियता का सबूत है. बच्चे इसके साथ बड़े हुए, उससे सीखा. लेकिन अगर आज के बच्चे इस तरह के कंटेंट के साथ बड़े होंगे, तो ये पूरी पीढ़ी भटक सकती है.
क्या बोले थे समय?
समय रैना ने अपने स्टैंड-अप स्पेशल स्टिल अलाइव में विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए शक्तिमान का जिक्र किया था. उन्होंने कहा- अरे यार, शक्तिमान भी आ गया था. अब हम शक्तिमान से कैसे लड़ेंगे? सॉरी, शक्तिमान! तुमने तो घूमते हुए बच्चों को मारा है, फिर तुम किस बात का हाई मोरल ग्राउंड लेकर बैठे हो?