राजपाल यादव ने जेल से रिहा होने के बाद 28 फरवरी को मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी. इस दौरान उन्होंने चेक बाउंस केस को लेकर जानकारी साझा की. एक्टर ने अपने अपमकिंग प्रोजेक्ट्स और मुश्किल वक्त में बॉलीवुड से मिले सपोर्ट पर भी बात की.
सोनू सूद के बारे में क्या बोले राजपाल?
राजपाल ने इस दौरान एक्टर सोनू सूद के उन्हें काम ऑफर करने की बात पर भी रिएक्ट किया. दरअसल, चेक बाउंस केस में जब राजपाल यादव को जेल जाना पड़ा था, तब सोनू सूद उनकी मदद के लिए आगे आए थे. सोनू सूद ने कहा था कि उन्होंने राजपाल को फिल्म ऑफर की है.
अब स्क्रीन संग बातचीत में राजपाल से जब इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा- प्लीज इस गलतफहमी से बाहर निकल आएं कि मुझे बार-बार काम मांगने की जरूरत पड़ती है. काम मांगने में कोई शर्म भी नहीं है. मैं अपने काम से जीता हूं. सिनेमा मेरा जुनून है. मैं इस तरह का काम करता हूं कि मुझे चार गुनाह ज्यादा काम मिलता है. मैं वेकेशन पर भी काम करता हूं. काम मुझे ढूंढ़ता नहीं है, बल्कि काम पिछले 11 सालों से मेरे साथ ही रह रहा है.
राजपाल के पास हैं कितने प्रोजेक्ट्स?
राजपाल ने अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स पर भी बात की. उन्होंने कहा- मैं इस साल की अपनी पहली फिल्म 'भूत बंगला' कर रहा हूं. इसके बाद मेरे पास 'वेलकम टू द जंगल' है, जिसमें 27 एक्टर्स हैं और एक हैवान है. फिल्म में मेरा रोल छोटा है, लेकिन काफी शानदार है. मेरे पास दो वेब सीरीज और दो अलग फिल्में भी हैं, जिनके बारे में अभी मैं बात नहीं कर सकता. राजपाल ने ये भी खुलासा किया कि आने वाले सात सालों तक के लिए उनके पास करीब 1200 करोड़ रुपये तक का काम है.
राजपाल यादव ने उन्हें मिले सपोर्ट के बारे में भी बात की. एक्टर ने कहा कि वो अपने सभी सपोर्टर्स का शुक्रिया अदा करने के लिए जल्द ही ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी करने की प्लानिंग कर रहे हैं. उसमें उन लोगों के भी नाम शामिल होंगे, जिन्हें वो पर्सनली थैंक्यू कहना चाहते हैं. साथ ही वो उन लोगों का भी सम्मान करेंगे जो गुमनाम रहना चाहते हैं.
किस केस में फंसे थे राजपाल
राजपाल यादव के केस की बात करें तो उन्होंने साल 2010 में अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म 'अता पता लापता' बनाने के लिए 5 करोड़ रुपये लिए थे. मगर फिल्म पिट गई थी और उन्हें तगड़ा नुकसान हुआ. ऐसे में राजपाल पैसे नहीं लौटा पाए थे. उन्होंने जो चेक दिए वो बाउंस हो गए, जिसकी वजह से उनके खिलाफ लीगल एक्शन लिया गया. फिलहाल वो अंतरिम जमानत पर रिहा हुए हैं. उनके केस की अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी.