कुछ दिन पहले अचानक आए एक ट्रेलर ने फिल्म लवर्स को तगड़ा सरप्राइज दिया. किसी बड़े बॉलीवुड स्टूडियो या स्टार फेस के बिना आ रही फिल्म कृष्णावतारम का ट्रेलर आते ही जनता में हॉट टॉपिक बन गया. भगवान कृष्ण की कहानी लेकर आ रही कृष्णावतारम की प्रोडक्शन क्वालिटी, म्यूजिक और प्रेजेंटेशन देखकर लोग सरप्राइज थे.
ट्रेलर आने से पहले इस फिल्म की अनाउंसमेंट, शूटिंग, मेकिंग वगैरह को लेकर कहीं कोई चर्चा नहीं थी. लेकिन ट्रेलर आते ही कृष्णावतारम के बारे में लोग खूब बातें करते दिखे. अब सामने आया है कि ये फिल्म ग्लोबल लेवल पर कमाल करने की तैयारी में है. 7 मई को ये फिल्म इंडिया में रिलीज होगी, लेकिन दो हफ्ते बाद इसका इंग्लिश वर्जन यूएस, यूके और कनाडा में भी रिलीज होगा.
इंग्लिश में भी रिलीज होगी
इंडिपेंडेंट मेकर्स की फिल्म कृष्णावतारम का ट्रेलर हिंदी के साथ-साथ तेलुगु और तमिल में भी रिलीज हुआ था. तीनों भाषाओं को मिलाकर इस फिल्म के ट्रेलर को यूट्यूब पर 8 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. टीवी शो देवों के देव महादेव डायरेक्ट कर चुके हार्दिक गज्जर, कृष्णावतारम के डायरेक्टर हैं. क्रिएटिवलैंड एंटरटेनमेंट और अथश्रीकथा मोशन पिक्चर्स के लिए कृष्णावतारम उनका पहला बड़ा फिल्म प्रोजेक्ट है. लेकिन स्केल और लुक से शानदार लग रही कृष्णावतारम, लिमिटेड बजट वाली फिल्मों के लिए रिलीज की लिमिट्स को भी चैलेंज करने वाली है.
कृष्णावतारम लेकर आ रहे क्रिएटिवलैंड स्टूडियोज के फाउंडर सजन रूप कुरूप ने वैरायटी को बताया कि कृष्णावतारम को दुनिया भर से मिल रहा प्यार देखकर वो बहुत खुश हैं. 'एक टीम के तौर पर हमारे इस विश्वास को बल मिला है कि अगर स्टोरीटेलिंग ऑथेन्टिक है, तो इसे दर्शक जरूर मिलेंगे. अभी तक मिला रिस्पॉन्स बता रहा है कि ग्लोबल ऑडियंस ऐसी कहानियों के लिए तैयार है जो किसी एक कल्चर की जड़ों से जुड़ी हैं, लेकिन इनका इमोशन यूनिवर्सल है. कृष्णावतारम को फ्रेंचाइजी को हमने तीन पार्ट में भगवान कृष्ण की कहानी लाने के हिसाब से सोचकर तैयार किया है. हमारी कोशिश है कि भारत की दिव्य विरासत को ग्लोबल सिनेमेटिक भाषा में उतारा जाए, उसकी आत्मा बरकरार रखते हुए' सजन ने कहा.
कृष्णावतारम हिंदी, तमिल और तेलुगु के साथ-साथ इंग्लिश में भी रिलीज होने वाली है. फिल्म में श्रीकृष्ण का रोल यंग एक्टर सिद्धांत गुप्ता निभा रहे हैं. राधा के रोल में सुष्मिता भट्ट, रुक्मिणी के रोल में निवा कृष्णन और सत्यभामा के रोल में संस्कृति जायना कृष्णावतारम का हिस्सा हैं. ट्रेलर को तो अच्छा रिस्पॉन्स मिला है, अब देखना है कि कृष्णावतारम थिएटर्स में क्या कमाल करती है.