मां बनना अक्सर महिलाओं के लिए खुशी की बात मानी जाती है. लेकिन मदरहुड में कदम रखने के बाद एक महिला का जीवन बिल्कुल बदल जाता है. उसे अपने बच्चों को संभालने के साथ अपने अंदर हो रहे बदलावों का भी सामना करना पड़ता है. एक्ट्रेस काजोल ने अपने इंटरव्यू में बताया है कि बेटी निसा देवगन के जन्म के बाद उन्होंने क्यों बाउंड्री सेट कर दी थी. एक्ट्रेस ने खुलासा किया कि वो छह महीने बिना किसी से मिले रही थीं.
काजोल हो गई थीं परेशान
Tweak के साथ एक इंटरव्यू में अपनी बेटी निसा के जन्म के बाद के वक्त को याद करते हुए काजोल ने कहा, 'मैं पागल हो गई थी. मुझे कहना होगा कि मेरी बेटी के जन्म के पहले छह महीनों में मेरा पहला मैसेज सभी दोस्तों को क्या था. मैंने करण (जौहर) और मनीष (मल्होत्रा) और सबको मैसेज किया था. मैंने कहा, 'अगर तुम सच में मुझसे प्यार करते हो, तो अगले छह महीनों के लिए मुझे अकेला छोड़ दो. मेरे पास मत आना. मुझे हैलो कहने मत आना. मैं तुम्हें देखना नहीं चाहती.''
जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने ऐसा क्यों किया, तो काजोल ने जवाब दिया, 'क्योंकि मैं इतनी... मैंने कहा, 'सुनो, मुझे फोकस करना है, मुझे यह सही करना है. मैं इसे गड़बड़ नहीं कर सकती. यह मेरे जीवन में बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण है.''
काजोल ने 'सिंघम' एक्टर अजय देवगन से 1999 में शादी की थी. साल 2003 में उन्होंने बेटी निसा देवगन को जन्म दिया. इसके बाद साल 2010 में उनका बेटा युग हुआ था. काजोल और अजय के दोनों बच्चे अक्सर सुर्खियों में रहते हैं. निसा अभी पढ़ाई कर रही हैं, लेकिन उनकी सोशल मीडिया पर अच्छी फैन फॉलोइंग है. उन्हें देश-विदेश में दोस्तों के साथ पार्टी करते और मां काजोल संग बड़े इवेंट्स का हिस्सा बनते देखा जाता है.
काजोल और अजय दोनों का कहना है कि उनकी बेटी निसा को बॉलीवुड में काम करने में कोई दिलचस्पी नहीं है. लेकिन बेटे युग देवगन ने अभी से ही बतौर वॉइस एक्टर इंडस्ट्री में कदम रख दिया है. 2025 में आई चाइनीज सुपरस्टार जैकी चैन की फिल्म 'कराटे किड लेजेंड्स' में युग देवगन ने अपनी आवाज दी थी. उन्होंने पिक्चर के लीड कैरेक्टर ली फॉन्ग के लिए पिक्चर के हिंदी वर्जन में डबिंग की थी.