
बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी की पर्सनल जिंदगी इन दिनों सुर्खियों में है. उनका अपने पति सोहेल कथूरिया से तलाक फाइनल हो चुका है. दोनों की शादी करीब 3 साल के बाद टूट गई है. हंसिका और सोहेल की शादी दिसंबर साल 2022 में हुई थी, जिसके कुछ वक्त बाद ही दोनों के बीच खटपट की खबरें सामने आने लगी थीं.
हंसिका के तलाक के बाद दुखी नैन्सी
हंसिका मोटवानी का घर यूं अचानक टूटने से कई लोगों को धक्का पहुंचा. हर कोई उनके अलग होने की वजह जानने लगा, जिसके लिए उनके परिवार वालों को कॉन्टैक्ट किया गया. हंसिका के भाई से अलग हो चुकीं एक्ट्रेस नैन्सी जेम्स भी परेशान हो चुकी हैं. जब हंसिका के तलाक की खबर सामने आई थी, तब नैन्सी ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट करके लोगों से उन्हें मैसेज करके परेशान ना करने की बात लिखी थी. इस बीच उन्होंने हंसिका पर तंज भी कसा था.
नैन्सी भी हंसिका के भाई से अलग हो रही हैं. उनका तलाक केस फिलहाल कोर्ट में चल रहा है. ऐसे में वो हंसिका के तलाक केस से जुड़ना नहीं चाहती हैं. उन्होंने HT से कहा है, 'हंसिका के तलाक के बाद मुझे ढेर सारे कॉल्स और मैसेज आने लगे कि इस बारे में कुछ कमेंट करो. सोशल मीडिया पर भी बहुत सारे पर्सनल मैसेज और टैग्स आने लगे, लोग कहने लगे कि ये हंसिका के लिए कर्मा है. मैं सच में बहुत थक गई थी. ईमानदारी से कहूं तो मुझे किसी और की जिंदगी में बिल्कुल नहीं घुसना है. मेरा अपना तलाक चल रहा है. और मैं अभी खुद हीलिंग के सफर पर हूं. लोग कमेंट्स के लिए बार-बार कॉल और मैसेज कर रहे थे, मैं इतनी परेशान हो गई कि मैंने स्टोरीज पर वो मैसेज लिख दिए.'

नैन्सी ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर लोगों से रिक्वेस्ट की थी कि वो उन्हें हंसिका की जिंदगी से दूर रखें. उन्हें किसी की फेक जिंदगी से ना जोड़ा जाए, उनके पास कोई पेड पीआर कराने वाला नहीं है. नैन्सी ने ये भी लिखा था कि सब वक्त का खेल है.
हंसिका के परिवार को लेकर क्या बोलीं नैन्सी?
नैन्सी जेम्स ने इसी बातचीत में हंसिका और उनके परिवार को लेकर भी काफी कुछ कहा. एक्ट्रेस बोलीं, 'इस परिवार ने मुझे बहुत तंग किया है, बहुत सताया और परेशान किया है. अब मैं इनसे कोई कनेक्शन नहीं रखना चाहती. इसलिए मैं तलाक मांग रही हूं और अपने पति, उसकी बहन और मां के खिलाफ घरेलू हिंसा का केस दाखिल कर चुकी हूं.'
'उम्मीद है कि तलाक हो जाने से ये सारी तकलीफें खत्म हो जाएंगी. अभी भी मैं बहुत दुख में हूं और खुद को ठीक करने की कोशिश कर रही हूं. मैं इसके बारे में आगे और कोई बात नहीं करना चाहूंगी. मुझे हमारे देश की अदालतों और कानूनी व्यवस्था पर पूरा भरोसा है. न्याय जरूर होगा. जब कोर्ट अपना अंतिम फैसला सुनाएगी, तब मैं सब कुछ विस्तार से बताऊंगी. लेकिन अभी मैं नहीं चाहती कि मुझे उनकी केस में या उनके कर्मों में खींचा जाए, या कोई और बात में फंसाया जाए.'