बॉबी देओल की फिल्म 'बंदर' का टीजर रिलीज हो गया है. इस पिक्चर का इंतजार फैंस लंबे वक्त से कर रहे हैं. टीजर को देखने के बाद दर्शकों के बीच 'बंदर' को लेकर उत्साह बढ़ गया है. फिल्म में बॉबी देओल के साथ सान्या मल्होत्रा, राज बी शेट्टी, सपना पब्बी, सबा आजाद, रिद्धि सेन, जितेंद्र जोशी, इंद्रजीत और नागेश भोसले नजर आएंगे. इसके डायरेक्टर अनुराग कश्यप हैं. 'बंदर' के साथ बॉबी देओल और अनुराग कश्यप की जोड़ी पहली बार साथ काम कर रही है.
रिलीज हुआ बंदर का टीजर
अनुराग कश्यप की इस फिल्म में बॉबी को एक बिल्कुल ही अलग और लीक से हटकर किरदार निभाते देखा जाएगा. इस बात की झलक 'बंदर' का टीजर आपको दे रहा है. ये टीजर आज के सिनेमा से एकदम अलग वाइब लेकर आया है. ये फिल्म एक क्रेजी राइड होने का वादा करती है, जिसमें जबरदस्त कास्ट इस पागलपन को और बढ़ा रही है. इसमें बॉबी देओल, समीर मेहरा नाम के शख्स के किरदार में हैं. वो 70 के दशक के डिस्को डांसर अवतार में नजर आते हैं. वो 'कम ऑन बेबी दिल किसको देगी' के रीमैजिन वर्जन पर थिरक रहे हैं, जिसे देखना एक असली 'सिनेमा मोमेंट' है. 'एनिमल' में बॉबी को इंटेंस रोल में देखा गया था तो 'बंदर' में उनको इस अनोखे अवतार में देखना काफी मजेदार होने वाला है.
टीजर की शुरुआत काफी फन अंदाज में होती है. लेकिन फिर अचानक इसमें एक ऐसा ट्विस्ट आता है, जो कहानी का रुख ही बदल देता है. यहां से जो सामने आता है, वो उस कहानी की झलक है जो शुरुआत में दिखने वाली चीजों से कहीं ज्यादा बड़ी और उलझी हुई है. जैसे-जैसे टीजर आगे बढ़ता है, वैसे-वैसे अनुराग कश्यप के डायरेक्शन का जादू दिखने लगता है. पूरी रफ्तार को बरकरार रखते हुए हर सीन के साथ टीजर की इंटेंसिटी बड़ी ही स्मूथली बढ़ाती है.
'बंदर' को सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने लिखा है, जो 'पाताल लोक', 'कोहरा' और उड़ता पंजाब जैसी बेहतरीन कहानियां हमें पहले दे चुके हैं. अनुराग कश्यप के डायरेक्शन और निखिल द्विवेदी की सैफरन मैजिकवर्क्स प्रोडक्शन तले बनी यह फिल्म जी स्टूडियोज के सपोर्ट के साथ 5 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.