मशहूर क्लासिकल डांसर और टीवी जगत की दिग्गज एक्ट्रेस सुधा चंद्रन अपनी कला के साथ-साथ अपनी अटूट इच्छाशक्ति के लिए जानी जाती हैं. हाल ही में उन्होंने वृंदावन जाकर आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद जी महाराज से मुलाकात की, जिसे उन्होंने अपने जीवन का सबसे 'भावुक कर देने वाला पल' बताया.
सुधा चंद्रन के लिए यह सिर्फ एक मुलाकात नहीं थी, बल्कि वर्षों के इंतजार और श्रद्धा का परिणाम था. उन्होंने बताया कि कैसे प्रेमानंद जी की शिक्षाओं ने उन्हें जीवन के उतार-चढ़ाव में संबल दिया और शांति की तलाश में उनकी मदद की.
प्रेमानंद महाराज से मिलीं एक्ट्रेस
प्रेमानंद जी महाराज से मिलने के अनुभव को याद करते हुए सुधा चंद्रन इमोशनल हो गई. न्यूज एजेंसी से बात करते हुए उन्होंने बताया कि जब आप सालों से किसी को अपना मार्गदर्शक मान रहे हों और अचानक उनके सामने खड़े हों, तो वह पल जादुई हो जाता है. एक्ट्रेस ने कहा, 'वहां का माहौल और एनर्जी इतनी पॉजिटिव थी कि वह शब्दों में बयां करना नामुमकिन है. मेरी आंखों में आंसू आ गए थे, खुशी के आंसू थे. उन्होंने महसूस किया कि जैसे उनके मन में दबे तमाम सवालों के जवाब महाराज जी के प्रवचनों से खुद-ब-खुद मिलने लगे हैं. आपको बस उनके शब्दों के पीछे छिपे गहरे अर्थ को समझने की जरूरत होती है.'
जिन लोगों को इस बारे में जानकारी नहीं है, उन्हें बता दें कि सालों पहले एक सड़क दुर्घटना में सुधा चंद्रन ने अपना एक पैर खो दिया था. उस समय वह काफी कम उम्र की थीं और एक जुनूनी कलाकार थीं; इसलिए उन्होंने अपनी जिंदगी को एक नई शुरुआत देने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी. उन्होंने एक कृत्रिम पैर (prosthetic limb) की मदद से अपने करियर को फिर से खड़ा किया और कभी हार नहीं मानी.
लगातार जप से मिला आराम
एक्ट्रेस ने इस हादसे को लेकर कहा, 'मैंने कई बार यह जिक्र किया है कि एक्सीडेंट के बाद मेरी वापसी भगवान में मेरे विश्वास की वजह से ही हो पाई और ठीक यही बात प्रेमानंद महाराज जी भी कहते हैं- लगातार जाप करते रहो. भगवान में तुम्हारा जो विश्वास है, वही तुम्हें हर मुश्किल से पार लगाने में मदद करेगा. जब तुम्हारा भगवान में विश्वास होता है, तो दर्द तो फिर भी होता है, लेकिन तुम उस पर ध्यान नहीं देते, क्योंकि तुम्हारा ध्यान कहीं और होता है. जैसा कि प्रेमानंद महाराज जी कहते हैं, तुम्हारे अंदर यह जानने की हिम्मत और आत्मविश्वास होना चाहिए कि तुम यह कर सकते हो, और तुम इसे जरूर करोगे.'