scorecardresearch
 

UP Election 2022: धनंजय सिंह और सपा समर्थक भिड़े, मारपीट के बाद फायरिंग में एक घायल, पुलिस का इनकार

UP Election 2022: जेडीयू के टिकट से जौनपुर की मल्हनी सीट से चुनाव लड़ रहे धनंजय सिंह के समर्थक और समाजवादी पार्टी के समर्थक आपस में भिड़ गए. इस दौरान जमकर मारपीट हुई. बाद में फायरिंग भी हुई. हालांकि, पुलिस ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया है.

Advertisement
X
 पूर्व सांसद धनंजय सिंह (फाइल फोटो)
पूर्व सांसद धनंजय सिंह (फाइल फोटो)
स्टोरी हाइलाइट्स
  • जौनपुर की मल्हनी सीट से चुनाव लड़ रहे धनंजय सिंह
  • स्थानीय पुलिस फायरिंग की घटना से कर रही इनकार

UP Election 2022: उत्तर प्रदेश के सातवें और अंतिम चरण का मतदान सोमवार को संपन्न हो गया. इस दौरान जेडीयू प्रत्याशी धनंजय सिंह के समर्थकों और समाजवादी पार्टी के समर्थकों में मारपीट और फायरिंग का मामला सामने आया है.

बता दें कि ये घटना जौनपुर जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र अंतर्गत रीठी गांव में हुई है. जानकारी के मुताबिक, फर्जी मतदान को लेकर सोमवार शाम 5:30 बजे जनता दल यूनाइटेड और समाजवादी पार्टी के समर्थकों में मारपीट और फायरिंग की घटना हुई.

हालांकि, पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है. एसपी सिटी डॉ संजय कुमार ने कहा है कि फायरिंग की कोई घटना नहीं हुई है.

जौनपुर की मल्हनी सीट पर धनंजय सिंह और सपा विधायक लकी यादव आमने-सामने हैं. धनंजय सिंह जेडीयू के टिकट पर चुनाव लड़े हैं तो सपा के टिकट पर पूर्व कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव के बेटे लकी यादव ने एक बार फिर किस्मत आजमाई है.

सोमवार को वोटिंग के दौरान हुई घटना

ताजा जानकारी के मुताबिक समाजवादी पार्टी के समर्थकों ने फायरिंग की घटना के बाद सपा कार्यकर्ता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है. हालांकि पुलिस इस घटना से इनकार कर रही है. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया.

Advertisement

बता दें कि यूपी में 10 फरवरी को मतदान का आगाज हुआ था. कुल 403 सीटों पर सात चरणों में चुनाव कराए गए हैं. बड़ी तस्वीर देखी जाए तो चुनाव शांतिपूर्ण रहे हैं, लेकिन कुछ जगहों पर छिटपुट घटनाएं भी सामने आई हैं. 

अयोध्या जिले की गोसाईगंज विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी अभय सिंह और बीजेपी उम्मीदवार आरती तिवारी के समर्थकों में भी भिड़ंत हुई थी. दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव और फायरिंग का आरोप लगाया था. महाराजगंज थाना इलाके के कबीरपुर चौराहे के पास दोनों पक्षों के समर्थकों की गाड़ियां आमने-सामने होने के बाद यह विवाद शुरू हुआ था.

सपा के प्रत्याशी अभय सिंह का आरोप था कि बीजेपी समर्थकों ने उनके काफिले पर पत्थर बरसाए और फायरिंग की. उधर, दूसरे पक्ष का आरोप था कि भाजपा प्रत्याशी आरती तिवारी के लिए प्रचार कर रहे विकास सिंह के काफिले पर गोलीबारी की गई. आरोप था कि फायरिंग सपा के उम्मीदवार अभय सिंह खुद कर रहे थे. इस मामले में दोनों ही गुटों की ओर से महाराजगंज थाने में एफआईआर के लिए तहरीर दी गई थी.

(इनपुट-राजकुमार सिंह)


Advertisement

 

Advertisement
Advertisement