असम में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है.
भूपेन कुमार बोरा ने असम भाजपा मुख्यालय 'वाजपेयी भवन' में आयोजित एक समारोह में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. इस अवसर पर असम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया मौजूद थे. बोरा के साथ पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ता संजू बोरा भी भाजपा में शामिल हुए.
भूपेन बोरा ने 16 फरवरी को कांग्रेस से इस्तीफा दिया था. हालांकि, कांग्रेस आलाकमान ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया और वरिष्ठ नेताओं ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें मनाने की कोशिश की. राहुल गांधी ने भी उनसे बात की और फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया. लेकिन अगले ही दिन मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा उनके आवास पहुंचे और घोषणा की कि बोरा 22 फरवरी को बीजेपी में शामिल होंगे.
32 सालों तक कांग्रेस में सक्रिय राजनीति
बता दें कि बोरा ने 32 वर्षों तक कांग्रेस में सक्रिय राजनीति की. वह 2021 से असम कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे थे. उनका ये फैसला असम की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत दे रहा है, खासकर ऊपरी असम में जहां उनका प्रभाव मजबूत माना जाता है.
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मार्च-अप्रैल में चुनाव होने की संभावना है. बोरा के बीजेपी में शामिल होने से सत्तारूढ़ दल को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने पहले ही बोरा को 'कांग्रेस में अंतिम प्रमुख हिंदू नेता' करार दिया था.