गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले 3 आरोपियों को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस को जानकारी मिली थी कि उना की एक दुकान मे फर्जी आधार कार्ड बन रहे हैं और बिना प्रूफ के भी आधार कार्ड बनाने का काम चल रहा है. इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर 3 लोगों को गिरफ्तार किया है और उनका कंप्यूटर भी जब्त किया है.
पुलिस के मुताबिक, पिछले 2 साल से मुख्य आरोपी असलम शेख डुप्लीकेट आधार कार्ड बनाने का काम कर रहा था. उसने 2 साल पहले यह दुकान शुरू की थी, जिसमें अलग-अलग 1200 आधार कार्ड बनाए गए हैं, जिसमें 40 आधार कार्ड या तो फर्जी हैं या फिर डुप्लीकेट डॉक्यूमेंट से बनाए गए हैं.
मामले में फॉरेंसिक जांच कर रही पुलिस, UIDIA से भी किया संपर्क
नगर निगम के डॉक्युमेंट या फिर किसी के वोटर आईडी कार्ड में फोटो बदलकर फर्जी आधार कार्ड बनाए जाते थे. इस मामले में स्थानीय पुलिस ने UIDIA से संपर्क किया है और उनको पूरी जानकारी दी है, ताकि इस मामले में सही से जांच हो सके और आरोपियों पर कड़ी कारवाई की जा सके. पुलिस अब इस मामले में फॉरेंसिक जांच भी कर रही है, ताकि जो फर्जी आधार कार्ड बनाए गए हैं, उनकी जांच हो सके.
कॉन्ट्रेक्ट बेस पर सरकारी नौकरी करता था आरोपी
आम आदमी को आधार कार्ड बनाने में दिक्कत आती है. वैसे में कोई फर्जी आधार कार्ड कैसे बनता था, इस पर अब सवाल उठ रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी कॉन्ट्रैक्ट बेस पर स्थानीय सरकारी कचहरी में काम कर चुका है. वह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में भी काम करता था, जिसकी वजह से उसे बाकी सारे डॉक्युमेंट मिलते थे, जिसके आधार पर वह फर्जी आधार कार्ड बनता था.
तीनों आरोपियों की 4 दिनों की रिमांड पुलिस को मिली
बैंक से निकलने के बाद वह यह यूपी के 5 लोगों से संपर्क में था, जिनसे वह यह काम करवाता था. पिछले 6 महीने में सभी कार्ड उसने यूपी के 5 लोगों से मिलकर बनवाए हैं. इसकी अब जांच की जा रही है. पुलिस ने असलम के साथ उसके 2 सहयोगी शब्बीर और जावेद को भी गिरफ्तार किया है. तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 4 दिन के रिमांड पुलिस ने ली है.
1200 से लेकर 25 हजार तक में बनते थे फर्जी आधार कार्ड
पुलिस का दावा है कि असलम BCA पढ़ा हुआ है और फर्जी आधार कार्ड बनाने के लिए वह 1200 से 25 हजार रुपये तक लेता था. उनके पास से 17 लाख के लेन-देन की बात सामने आई है. राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है, इसलिए पुलिस गंभीरता से जांच आगे बढ़ा रही है.