सोनीपत में 18 मार्च को हुए गैंगवार मामले में सोनीपत सीआईए 2 को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है. सोनीपत के कोर्ट परिसर में बदमाश अजय उर्फ बिट्टू की हत्या का प्रयास किया गया. इसके अलावा बदमाश बिट्टू के घर पर भी दूसरे गैंग के बदमाशों द्वारा हमला बोला गया.
इसी दूसरी गैंग के एक बदमाश अमित को सोनीपत सीआईए 2 ने गिरफ्तार कर लिया है. अमित रोहतक के गिज्जी का रहने वाला है. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अमित के पास से स्कॉर्पियो कार और एक बुलेट प्रूफ जैकेट भी बरामद की है.
आपको बता दें कि सोनीपत में हुए गैंगवार में अजय उर्फ बिटटू पर कोर्ट परिसर में गोलियां चलाई गईं थी, इसके अलावा बदमाशों ने उसके पिता को गांव बरोणा में गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया था. इस गैंगवार के मुख्य सरगना गैंगस्टर रामकरण व अन्य दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.
गैंगवार में शामिल अन्य बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. अजय उर्फ़ बिट्टू और गैंगस्टर रामकरण के गिरोह में आपस में गैंगवार चल रहा है.
आपको बता दें कि बीते दिनों कुलदीप फज्जा नाम के एक बड़े बदमाश को भी दिल्ली पुलिस ने एक मुठभेड़ में मार गिराया था. कुलदीप फज्जा को जीटीबी अस्पताल परिसर में पुलिस पर फायरिंग करके उसके साथियों द्वारा छुड़ा लिया गया था, इस घटना में पुलिस की गोली से एक बदमाश की मौके पर ही मौत हो गई थी लेकिन कुलदीप फज्जा भागने में सफल हो गया था, इसके बाद पुलिस ने फज्जा की लोकेशन ढूंढना शुरू कर दिया. जो रोहिणी में मिली. कुलदीप फज्जा पुलिस से फरार होने एक बाद दिल्ली के रोहिणी में ही एक फ्लैट पर रुका हुआ था. तभी पुलिस से हुई मुठभेड़ में कुलदीप फज्जा मारा गया.