पुणे के पॉश इलाके कोरेगांव पार्क में एक महिला वकील के साथ कथित यौन उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि रविवार रात महिला के साथ चलती कार में बदसलूकी और अश्लील हरकतें की गईं. मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है. पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता मूल रूप से बिहार के पटना की रहने वाली है. उसने पुणे में कानून की पढ़ाई पूरी की थी और फिलहाल मुंबई हाई कोर्ट में वकालत कर रही है. बताया गया है कि वह किसी काम के सिलसिले में पुणे आई हुई थी. रविवार शाम वह कोरेगांव पार्क के एक फाइव स्टार होटल में मौजूद थी, जहां उसने मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर मिले एक शख्स को बुलाया था.
जानकारी के अनुसार वह व्यक्ति होटल में दो महिलाओं के साथ पहुंचा. होटल में कुछ देर बातचीत होने के बाद तीनों वहां से चले गए. इसके बाद महिला होटल में शराब पी रही थी, तभी उसकी मुलाकात बगल की टेबल पर बैठे दो युवकों से हुई. बातचीत के दौरान सभी ने साथ में दूसरे पब जाने का प्लान बनाया.
पुलिस के अनुसार इसके बाद सभी लोग कार से बंड गार्डन इलाके के एक पब की ओर जा रहे थे. इसी दौरान कार में मौजूद एक आरोपी ने महिला के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया. आरोप है कि सफर के दौरान आरोपियों ने अपने दो दोस्तों को स्पीकर फोन पर कॉल किया और महिला के बारे में आपत्तिजनक बातें कहीं. कार में बैठे अन्य लोगों ने भी अश्लील टिप्पणियां कीं.
घटना से नाराज महिला ने आरोपियों को उनके दोस्तों को मौके पर बुलाने और माफी मांगने के लिए मजबूर किया. जब कार रुकी तो महिला और चारों आरोपियों के बीच सड़क पर बहस शुरू हो गई. आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने महिला का पर्स सड़क पर फेंक दिया और वहां से फरार हो गए.
इसके बाद पीड़िता ने स्थानीय लोगों से मदद मांगी और अपने एक दोस्त से संपर्क किया. बाद में वह सीधे कोरेगांव पार्क पुलिस स्टेशन पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी. अधिकारियों का कहना है कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है.
पुलिस ने जिन तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, उनकी पहचान अभिषेक नवनाथ मुक्टे, धनंजय सॉर्टे और आदेश शिंदे के रूप में हुई है. इनके खिलाफ FIR दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है. वहीं चौथे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं. पुणे पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने कहा है कि जल्द ही बाकी आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा.