बिहार विधानसभा चुनाव में कुछ ही दिन बचे हैं और प्रत्याशी जोर-शोर से अपना चुनाव प्रचार करने में लगे हैं. चुनावी माहौल में एक नेता की दरियादिली भी देखने को मिली है. दरअसल चुनाव प्रचार कर रहे नेता के सामने टेंपो-ट्रक में भिड़ंत हो गई. तब एलजेपी प्रत्याशी ने तुरंत ही घायलों को गाड़ी से निकलवाया और उन्हें अस्पताल भी पहुंचाया. यह सब देख रही जनता ने उनकी खूब तारीफ की.
करगहर के एलजेपी प्रत्याशी राकेश कुमार सिंह लोगों से जनसंपर्क कर रहे थे उसी समय उनके सामने टेंपो और ट्रक में भिड़ंत हो गई. कार्यक्रम छोड़ राकेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे. वहां अपने समर्थकों के साथ मिलकर टेंपो में फंसे घायलों को निकालना शुरू कर दिया. जिसमें 2 लोग काफी गंभीर रूप से घायल थे. उन्हें अपने पैसे से गाड़ी की व्यवस्था करवाई और बनारस ट्रामा सेंटर में भिजवाने का काम किया और बाकी 6 लोगों को सासाराम हॉस्पिटल में इलाज कराने के लिए भेजा.
लोगों ने की राकेश कुमार सिंह की खूब तारीफ
जब इस भिड़ंत के बाद लोगों का हुजूम उस घटनास्थल पर आया तो लोगों ने राकेश कुमार सिंह की खूब तारीफ की. उन्होंने कहा नेता इस तरह का होना चाहिए जो पूरी तरह समाज की सेवा करें और दुख-सुख में जनता के साथ रहे.
प्रथम प्राथमिकता लोगों की सेवा करना
राकेश कुमार सिंह ने कहा कि मेरी प्रथम प्राथमिकता लोगों की सेवा करना है. अगर मैं इस क्षेत्र का विधायक बनता हूं तो मेरा पहला काम इस क्षेत्र का विकास करना. बहुत से गांव में लोग वोट बहिष्कार कर रहे हैं. मैं वहां जाकर समझा रहा हूं कि वोट बहिष्कार न करें क्योंकि मैं जब आपका प्रतिनिधि हो जाऊंगा तो मैं सारी सड़कों को बनवा दूंगा. विकास कार्य कोई भी होगा उसको करवा दूंगा. मैं आपके साथ सदा खड़ा रहूंगा.
जेडीयू के विधायक से लोग नाराज
राकेश कुमार सिंह ने कहा कि क्षेत्र से जेडीयू के विधायक आशीष सिंह है. इन्होंने आज तक एक भी काम नहीं किया है लोग काफी नाराज हैं. खासकर हर वर्ग हर दल के नेताओं से लोग नाराज हैं. उनका कहना है कि नेता केवल आकर वोट मांगते हैं और वोट के बाद फिर कभी देखने नहीं आते हैं.