दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने ड्रग्स की बड़ी खेप बरामद की है. आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर दो यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 0.724 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया.
इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10 करोड़ रुपए है. कस्टम विभाग इस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर रहा है.
कस्टम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि ये कार्रवाई 19 फरवरी को की गई थी. स्पॉट प्रोफाइलिंग के आधार पर बैंकॉक से आ रहे दो भारतीय यात्रियों को ग्रीन चैनल पर रोका गया. इसके बाद उनके सामान की एक्स-रे स्क्रीनिंग की गई.
विस्तृत जांच के लिए उन्हें अलग स्थान पर ले जाया गया. जांच के दौरान एक काले रंग के ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई.
कस्टम अधिकारियों को बैग के भीतर दस पॉलीथीन पाउच मिले, जिनमें हरे रंग का नशीला पदार्थ भरा था. प्राथमिक जांच में इस पदार्थ के गांजा या मारिजुआना होने का संदेह जताया गया. जब्त किए गए गांजे का कुल वजन 10.724 किलोग्राम है.
इस प्रतिबंधित सामान की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10.724 करोड़ रुपए आंकी गई है.
दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. इस मामले में नशीली दवा और मादक पदार्थ अधिनियम 1985 (NDPS Act) के तहत केस दर्ज किया गया है. दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है.
यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था.