scorecardresearch
 

दिल्ली में 10 करोड़ की कोकीन के साथ नाइजीरियन गिरफ्तार, इंटरनेशनल ड्रग सिंडिकेट का खुलासा

दिल्ली पुलिस ने महरौली से एक नाइजीरियन नागरिक को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 10 करोड़ की कोकीन बरामद की गई है. अब पुलिस उसके इंटरनेशनल ड्रग सिंडिकेट के साथ लिंक की जांच कर रही है. जानें इस विदेशी तस्कर के पकड़े जाने की पूरी कहानी.

Advertisement
X
पुलिस इस इंटरनेशनल ड्रग सिंडिकेट की जांच कर रही है (फोटो-ITG)
पुलिस इस इंटरनेशनल ड्रग सिंडिकेट की जांच कर रही है (फोटो-ITG)

राजधानी दिल्ली में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. दिल्ली पुलिस ने एक नाइजीरियन नागरिक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से करीब 10 करोड़ रुपये की कोकीन बरामद हुई है. इस गिरफ्तारी को एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क के पर्दाफाश से जोड़कर देखा जा रहा है. पुलिस का मानना है कि यह आरोपी लंबे समय से राजधानी के कई इलाकों में ड्रग्स सप्लाई कर रहा था. फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और कई अहम खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है.

दिल्ली पुलिस को इस मामले में एक खास सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। जानकारी के मुताबिक, साउथ और साउथ-ईस्ट दिल्ली में कोकीन सप्लाई करने वाले एक गिरोह के सक्रिय होने की खबर थी. इसी इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की. पुलिस को शक था कि यह नेटवर्क किसी अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़ा हो सकता है, इसलिए ऑपरेशन को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया.

पुलिस ने सूचना के आधार पर महरौली के इस्लाम कॉलोनी इलाके में छापेमारी की. इस दौरान 35 वर्षीय आरोपी जॉन चिबुइके को गिरफ्तार किया गया. तलाशी के दौरान उसके पास से 1031 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन बरामद की गई. बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से दिल्ली के कई इलाकों में सक्रिय था और ड्रग्स सप्लाई का नेटवर्क चला रहा था.

Advertisement

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जॉन चिबुइके दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में कोकीन की सप्लाई करता था. वह अलग-अलग ग्राहकों तक ड्रग्स पहुंचाने के लिए एक संगठित नेटवर्क का इस्तेमाल करता था. पुलिस को शक है कि उसके संपर्क देश के बाहर मौजूद ड्रग माफियाओं से भी जुड़े हो सकते हैं. यही वजह है कि इस केस को इंटरनेशनल ड्रग सिंडिकेट से जोड़कर देखा जा रहा है.

फिलहाल दिल्ली पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. आरोपी से पूछताछ के जरिए उसके नेटवर्क, सप्लाई चेन और सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश हो रही है कि यह ड्रग्स भारत में कैसे पहुंची और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जा रही थी. पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement