दिल्ली में दूध चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है. पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने दुकान के बाहर से दूध चोरी किया था. उसके पास से चार लीटर दूध भी बरामद हुआ. यह घटना साउथ दिल्ली के कालकाजी इलाके की है. आरोपी का नाम राम कुमार (26) है. वह गोविंदपुरी के नवजीवन कैंप का रहने वाला है. बताया जा रहा है कि आरोपी की हरकत पता लगने पर दुकानदार के पड़ोसी ने उसे पकड़ लिया और फिर दुकानदार राजीव कुमार ने पुलिस के हवाले कर दिया. कालकाजी पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया.
कालकाजी के डीडीए फ्लैट के रहने वाले दुकानदार राजीव कुमार ने बताया कि दुकान के बाहर दूध की कैरेट रखी हुई थी. गुरुवार सुबह आरोपी कैरेट से चार लीटर दूध चुराकर भाग रहा था तभी पड़ोसी तपन दास ने उसे पकड़ लिया और हमारे पास लेकर आए.
राजीव कुमार के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच के दौरान आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का दूध बरामद किया गया है. आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा. हालांकि आरोपी पर पहले से कोई मामला दर्ज नहीं था.