सोने और चांदी के भाव में बड़ी गिरावट देखने को मिली है. शुक्रवार को एमसीएक्स पर सोने और चांदी के भाव में बड़ी गिरावट आई थी, जिसके बाद फ्यूचर गोल्ड और सिल्वर सस्ते हो चुके हैं. यह गिरावट ऐसे समय में आई है, जब पीएम मोदी ने लोगों से 1 साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की थी.
शुक्रवार को फ्यूचर गोल्ड-सिल्वर प्राइस में गिरावट के बाद शनिवार को मुंबई में भी सोने-चांदी के दाम में भी गिरावट देखी गई. 16 मई यानी शनिवार को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 24 कैरेट गोल्ड का भाव 1,57,900 रुपये प्रति 10 ग्राम चल रहा था. 22 कैरेट गोल्ड का भाव 1,44,740 रुपये प्रति 10 ग्राम चल रहा था.
इंटरनेशनल मार्केट में भी गोल्ड में कमी देखी गई है. यह 2.22 फीसदी गिरकर 4,574 डॉलर प्रति औंस चल रहा था. अमेरिका-ईरान में लड़ाई शुरू होने के बाद से गोल्ड की कीमतों में ज्यादा गिरावट आई है.
कमोडिटी एक्सचेंज MCX में भी 15 मई को गोल्ड फ्यूचर्स और सिल्वर फ्यूचर्स बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए. गोल्ड फ्यूचर्स 2.18 फीसदी यानी 3,528 रुपये गिरकर 1,58,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था.
सिल्वर फ्यूचर्स 6.83 फीसदी यानी 19,876 रुपये की बड़ी गिरावट के साथ 2,71,226 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ था. वहीं इंटरनेशनल मार्केट में भी चांदी की कीमत 9.18 फीसदी की गिरावट के साथ 75.74 डॉलर प्रति औंस चल रहा था.
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण सोने और चांदी के दाम में गिरावट आई है. ब्रेंट क्रूड का भाव 110 डॉलर प्रति बैरल के करीब बना हुआ है. तेल के दाम बढ़ने से दुनियाभर में महंगाई का खतरा बढ़ चुका है.
इसके साथ ही अमेरिकी डॉलर में तेजी से भी सोने और चांदी के दाम में भी गिरावट हुई है. 28 फरवरी को अमेरिका-ईरान के बीच लड़ाई शुरू होने के बाद से गोल्ड करीब 13 फीसदी गिर चुका है.