मुंबई के रियल एस्टेट मार्केट में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए महाराष्ट्र आवास और क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MHADA) एक बड़ा मौका लेकर आया है. MHADA लॉटरी 2026 के तहत शहर के अलग-अलग इलाकों में 2,640 घरों की बिक्री की घोषणा की गई है. इस बार की लॉटरी में खास बात यह है कि इसमें बेहद किफायती घरों से लेकर करोड़ों की कीमत वाले आलीशान अपार्टमेंट्स तक शामिल हैं.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिण मुंबई के ताड़देव जैसे पॉश इलाके में उच्च आय वर्ग के लिए सबसे महंगा अपार्टमेंट ₹6.82 करोड़ की कीमत पर उपलब्ध है, वहीं दूसरी ओर मानखुर्द में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए सबसे किफायती घर की कीमत ₹29 लाख से अधिक रखी गई है. यह लॉटरी मुंबई के बदलते हाउसिंग ट्रेंड्स और हर वर्ग की जरूरतों को पूरा करने की एक महत्वपूर्ण कोशिश है.
यह भी पढ़ें: Housing Sales Dip: 2026 की पहली तिमाही में रियल एस्टेट बाजार सुस्त, घरों की सेल में लगा 'ब्रेक'
करोड़ों के आलीशान अपार्टमेंट
₹6 करोड़ से अधिक की श्रेणी में कुल चार अपार्टमेंट हैं, जिनमें से दो दक्षिण मुंबई के ताड़देव स्थित क्रेसेंट टावर में स्थित हैं. यहां 1,838 वर्ग फुट का सबसे महंगा अपार्टमेंट ₹6.82 करोड़ का है, जबकि 1,520 वर्ग फुट वाले दूसरे अपार्टमेंट की कीमत ₹6.77 करोड़ तय की गई है. इसके अलावा, लॉटरी में ₹2 करोड़ से ₹4 करोड़ की रेंज में भी कई घर उपलब्ध कराए गए हैं.
किफायती आवास की श्रेणी में सबसे सस्ते घर मानखुर्द और गोरेगांव क्षेत्रों में हैं, जहां 300 वर्ग फुट से अधिक क्षेत्रफल वाले घरों की कीमत क्रमशः ₹29 लाख और ₹32 लाख से अधिक रखी गई है. इस बार MHADA मुंबई के विस्तृत दायरे को कवर कर रहा है, जिसमें विक्रोली, गोरेगांव, बोरीवली, गोराई, चेंबूर, बांद्रा, घाटकोपर, वडाला, पवई और दादर जैसे प्रमुख इलाकों में घर बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे.
कुल 97 हाउसिंग प्रोजेक्ट लोकेशन्स को शामिल किया गया है. इन सभी साइटों की गूगल लोकेशन की विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर उपलब्ध कराई जाएगी.MHADA अगले दो से तीन दिनों के भीतर आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर संबंधित संपर्क व्यक्तियों के नाम और उनके मोबाइल नंबर भी साझा करेगा.