तेल कंपनियों ने डीजल की कीमत में लगातार चौथे दिन कटौती की है, जबकि पेट्रोल की कीमत में पिछले छह दिन से कोई बदलाव नहीं हुआ है. दिल्ली में सोमवार को डीजल की कीमत 9 पैसे की कटौती के बाद 70.71 रुपये प्रति लीटर पर तक पहुंच गई.
ये हैं प्रमुख शहरों के रेट
इंडियन ऑयल के मुताबिक दिल्ली में डीजल 70.71 रुपये प्रति लीटर हो गया है तो पेट्रोल 81.06 रुपये प्रति लीटर पर ही टिका है. डीजल की कीमत में लगातार चौथे दिन कटौती की गई है. इसी तरह मुंबई में पेट्रोल 87.74 रुपये और डीजल 77.12 रुपये लीटर हो गया है. चेन्नै में पेट्रोल 84.14 रुपये और डीजल 76.18 रुपये लीटर, जबकि कोलकाता में पेट्रोल 82.59 रुपये लीटर और डीजल 74.23 रुपये लीटर हो गया है.
दाम में फेरबदल
रविवार को सरकारी तेल कंपनियों ने डीजल के दाम में 14 पैसे की कटौती की थी. पेट्रोल के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ था. इस महीने 3 सितंबर से ही डीजल की कीमतों में लगातार कई बार कटौती की गई है. हालांकि कभी-कभी पेट्रोल की कीमत में भी राहत दी गई. अगस्त में पेट्रोल की की कीमत में कई बार बढ़त का रुख देखा गया था.
कच्चे तेल में नरमी
पिछले हफ्ते कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखी गई है. यूरोप और कई अन्य देशों में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले में बढ़त के कारण फिर से लॉकडाउन की स्थित बनी और इससे क्रूड की मांग पर संदेह के बादल छा गए. वैश्विक तेल बाजार को महामारी की वजह से आई मंदी से उबरने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. रविवार को ब्रेंट क्रूड 11 सेंट टूटकर 41.81 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया है, जबकि अमेरिकी लाइट क्रूड 20 सेंट गिरकर 40.05 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया.