scorecardresearch
 

क्यों अलग-थलग पड़े आनंद मोहन, नीतीश और सम्राट चौधरी के समर्थन में एकजुट हुए वरिष्ठ नेता

पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह बेटे चेतन आनंद को मंत्रिमंडल में जगह न मिलने के बाद राजनीतिक रूप से घिरते नजर आ रहे हैं. उन्होंने इस मुद्दे को नीतीश कुमार के सम्मान से जोड़ने की कोशिश की, लेकिन जदयू नेताओं ने इसका विरोध किया. संजय सिंह, लेशी सिंह समेत कई नेताओं ने पलटवार किया. नीतीश की संजय सिंह से मुलाकात को मौजूदा नेतृत्व और सम्राट चौधरी के समर्थन का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है.

Advertisement
X
मंत्रिमंडल में जगह न मिलने से आनंद मोहन असंतुष्ट बताए जा रहे हैं. File Photo ITG
मंत्रिमंडल में जगह न मिलने से आनंद मोहन असंतुष्ट बताए जा रहे हैं. File Photo ITG

पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह इन दिनों राजनीतिक रूप से अलग-थलग पड़ते नजर आ रहे हैं. जनता दल यूनाइटेड (JDU) के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके हालिया बयानों पर खुलकर आपत्ति जताई है. दरअसल, अपने बेटे चेतन आनंद को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने के बाद आनंद मोहन ने इस मुद्दे को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जदयू के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार के सम्मान से जोड़ने की कोशिश की, लेकिन उनकी यह रणनीति उलटी पड़ती दिख रही है.

बेटे को नहीं मिली मंत्रिमंडल में जगह
विवाद की शुरुआत तब हुई जब आनंद मोहन ने सार्वजनिक तौर पर नाराजगी जताई कि चेतन आनंद को सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया. इसके बाद उन्होंने कहा कि जदयू को खड़ा करने वाले नीतीश कुमार को वह सम्मान नहीं मिल रहा जिसके वे हकदार हैं. उन्होंने यहां तक कह दिया कि नीतीश कुमार को राजनीतिक रूप से "जिंदा दफन" कर दिया गया है.

नीतीश की तस्वीर को लेकर भी उठाए सवाल
आनंद मोहन ने शपथ ग्रहण समारोह में नीतीश कुमार की तस्वीर प्रमुखता से नहीं दिखने का मुद्दा भी उठाया और सवाल किया कि उनके करीबी नेता इस पर चुप क्यों हैं. उनके बयान से यह संदेश देने की कोशिश की गई कि उनकी चिंता सिर्फ बेटे के राजनीतिक भविष्य तक सीमित नहीं है, बल्कि वह नीतीश कुमार की गरिमा और विरासत को लेकर भी चिंतित हैं.

Advertisement

संजय सिंह ने 'धृतराष्ट्र' बताया
हालांकि जदयू नेताओं ने उनके इस तर्क को सिरे से खारिज कर दिया. वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने आनंद मोहन पर तीखा हमला करते हुए उन्हें 'धृतराष्ट्र' बताया और कहा कि वह पुत्र मोह में अंधे हो गए हैं.

आनंद मोहन पर पलटवार
मंत्री लेशी सिंह ने स्पष्ट कहा कि नीतीश कुमार पार्टी के सर्वोच्च नेता हैं और उन्हें पूरा सम्मान मिल रहा है. वहीं जदयू नेता डॉ. सुनील कुमार सिंह ने कहा कि पार्टी से बड़ा कोई नहीं है और व्यक्तिगत या पारिवारिक महत्वाकांक्षा के लिए नीतीश कुमार के नाम का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए.

नीतीश की संजय सिंह से मुलाकात
इस पूरे घटनाक्रम के बीच सबसे अहम राजनीतिक संकेत तब मिला जब नीतीश कुमार ने संजय सिंह से मुलाकात की. इसे साफ संदेश माना गया कि नीतीश कुमार उन नेताओं के साथ खड़े हैं जिन्होंने मौजूदा नेतृत्व का समर्थन किया और आनंद मोहन की सार्वजनिक आलोचना को उचित नहीं माना.

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, यह घटनाक्रम आनंद मोहन के लिए बड़ा झटका है. जिस मुद्दे को उठाकर वह खुद को नीतीश कुमार के सम्मान का रक्षक साबित करना चाहते थे, उसी ने उन्हें पार्टी के भीतर अलग-थलग कर दिया.

इस विवाद ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की स्थिति को और मजबूत किया है. इससे यह साफ संकेत गया है कि जदयू का शीर्ष नेतृत्व और वरिष्ठ नेता मौजूदा नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़े हैं. वहीं चेतन आनंद के राजनीतिक भविष्य पर भी इस पूरे प्रकरण का प्रतिकूल असर पड़ सकता है. कुल मिलाकर, आनंद मोहन की राजनीतिक रणनीति फिलहाल उन पर ही भारी पड़ती दिख रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement