पटना के दानापुर स्थित खगौल में लुटेरों ने दिनदहाड़े कस्टम ऑफिसर बनकर ज्वेलरी कारोबारी से सोना लूट लिया. यह घटना 4 अप्रैल की बताई जा रही है और वारदात खगौल ओवरब्रिज के पास दानापुर रेलवे स्टेशन के नजदीक हुई. बताया जा रहा है कि महेश नामक कारोबारी अहमदाबाद–सहरसा एक्सप्रेस से राजकोट से सोना लेकर दानापुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे. स्टेशन से उतरने के बाद वह ऑटो से बाकरगंज जा रहे थे.
रास्ते में एक बलेनो कार और बाइक सवार अपराधियों ने ऑटो को रुकवाया. अपराधियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताया और जांच के नाम पर कारोबारी को रोक लिया. इसके बाद उन्होंने महेश का बैग अपने कब्जे में ले लिया और मौके से फरार हो गए. बताया जा रहा है कि लूट में शामिल अपराधियों की संख्या सात के आसपास थी और सभी कस्टम अधिकारी जैसी वर्दी में थे.
यह भी पढ़ें: पटना एयरपोर्ट पर पैसेंजर के बैग से मिले 3 जिंदा कारतूस, एयर इंडिया की फ्लाइट से जा रहा था दिल्ली
पीड़ित के अनुसार, फ्लाईओवर के पास रोककर अपराधियों ने कहा कि वे कस्टम अधिकारी हैं और बैग जांच के लिए देना होगा. इसके बाद उन्होंने बैग छीन लिया और फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही खगौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी. पुलिस पूरे इलाके में अपराधियों की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है. खगौल थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि अभी तक पीड़ित की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है, जिसके बाद लूट की सही मात्रा स्पष्ट हो सकेगी.
थानाध्यक्ष ने बताया कि ज्वेलरी कारोबारी राजकोट से सोना लेकर आ रहे थे और दानापुर स्टेशन से ऑटो द्वारा पटना के बाकरगंज जा रहे थे. इसी दौरान खगौल फ्लाईओवर के पास बाइक और कार से पहुंचे अपराधियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताते हुए उन्हें रोक लिया और अपने साथ ले गए.
उन्होंने बताया कि अपराधी सोने से भरा बैग लेकर फरार हो गए और सोने की मात्रा का सही अनुमान अभी नहीं लगाया जा सका है.
पुलिस ने वाहन किए जब्त, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पुलिस का स्टीकर लगी एक बलेनो कार और दो बाइक जब्त की हैं. बताया गया कि लुटेरे सात-आठ की संख्या में थे और उन्होंने ऊपर सफेद शर्ट और नीचे खाकी पैंट पहन रखी थी. पुलिस सभी पहलुओं से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.