शादी का मंडप सजा था. घर के आंगन में ढोल-नगाड़ों की गूंज और रिश्तेदारों की चहल-पहल… हर तरफ उत्सव का माहौल था. लेकिन कुछ ही देर में यह खुशी का माहौल तनाव और हड़कंप में बदल गया. वजह बनी दूल्हे की हालत. जिसे देखकर दुल्हन ने ऐसा फैसला लिया, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी. बिहार के जहानाबाद जिले के ओकरी थाना क्षेत्र के देवरा मठ गांव में हुई यह घटना एक सामाजिक संदेश बनकर उभर रही है. यहां दुल्हन ने नशे में धुत दूल्हे से शादी करने से साफ इनकार कर दिया.
जानकारी के मुताबिक, गांव की एक बेटी की शादी पटना के पुनाईचक निवासी रंजन कुमार से तय हुई थी. परिवारों के बीच सहमति के बाद 21 तारीख को तिलक समारोह भी पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ. दोनों पक्षों में खुशी का माहौल था और शादी की तैयारियां जोरों पर थीं. 26 तारीख को बारात बड़े धूमधाम के साथ देवरा मठ गांव पहुंची. स्वागत में कोई कमी नहीं छोड़ी गई. बारातियों के लिए खाने-पीने और ठहरने की शानदार व्यवस्था की गई थी. गांव के लोग भी इस शादी को लेकर उत्साहित थे.
द्वार पूजा के दौरान खुली पोल
सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन जैसे ही दूल्हे को द्वार पूजा के लिए लाया गया, माहौल अचानक बदल गया. दूल्हा लड़खड़ाने लगा. उसकी चाल और हाव-भाव देखकर लड़की पक्ष को शक हुआ कि वह नशे में है. शक जल्द ही यकीन में बदल गया. वहां मौजूद लोगों ने महसूस किया कि दूल्हे ने शराब पी रखी है. यह बात धीरे-धीरे पूरे परिवार तक पहुंची और आखिरकार दुल्हन तक भी. जैसे ही नेहा को दूल्हे की हालत के बारे में पता चला, उसने बिना देर किए शादी से इनकार कर दिया. उसका साफ कहना था कि वह ऐसे व्यक्ति के साथ जिंदगी नहीं बिता सकती, जो अपनी ही शादी में नशे में हो. दुल्हन का यह फैसला सुनते ही वहां सन्नाटा छा गया. जहां कुछ देर पहले जहां शहनाई बज रही थी, वहां अब तनाव का माहौल था. रिश्तेदार और मेहमान हैरान थे कि आखिर आगे क्या होगा.
बारातियों में मची भगदड़
दुल्हन के इनकार के बाद हालात तेजी से बिगड़ने लगे. बारातियों में अफरा-तफरी मच गई. कई लोग चुपचाप वहां से खिसकने लगे. माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि खुशी का हर रंग फीका पड़ गया. लड़की पक्ष के लोगों का गुस्सा भी सामने आने लगा. उन्होंने दूल्हे को पकड़ लिया और शादी में दिए गए पैसे और सामान वापस करने की मांग करने लगे.
पुलिस की एंट्री और समझौते की कोशिश
स्थिति को बिगड़ता देख किसी ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को संभाला और दूल्हे को लड़की पक्ष के लोगों से छुड़ाकर थाने ले गई. थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौते की बातचीत शुरू हुई. पुलिस ने मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने की कोशिश की, ताकि कोई बड़ा विवाद न हो. इस पूरे घटनाक्रम के बीच दूल्हे रंजन कुमार ने खुद को निर्दोष बताया. उसका कहना है कि उसने शराब नहीं पी थी, बल्कि किसी वजह से वह लड़खड़ा गया था, जिसे गलत समझ लिया गया. हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों का दावा इससे अलग है. उनका कहना है कि दूल्हे की हालत साफ तौर पर नशे में होने की ओर इशारा कर रही थी.
इलाके में चर्चा, दुल्हन की हो रही तारीफ
यह घटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है. लोग अलग-अलग नजरिए से इस मामले को देख रहे हैं, लेकिन ज्यादातर लोग दुल्हन के फैसले की सराहना कर रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि दुल्हन ने जो किया, वह साहसिक कदम है. समाज में जहां अक्सर लड़कियों पर समझौते का दबाव बनाया जाता है, वहां इस तरह का फैसला एक मजबूत संदेश देता है.