यूक्रेन में फिर आसमान से बरसी आग! रूसी मिसाइल अटैक में अब 30 लोगों की गई जान

यूक्रेन में रूसी हमले लगातार तेज हो रहे हैं. पूर्वी यूक्रेन में सार्वजनिक बस समेत कई ठिकानों पर हुए हमलों में 30 लोगों की मौत और कम से कम 18 लोग घायल हुए हैं. एक दिन पहले प्रिलुकी में मिसाइल हमले में 22 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें पांच बच्चे शामिल हैं.

Advertisement
यूक्रेन पर रूस का बड़ा हवाई हमला (File Photo: AFP) यूक्रेन पर रूस का बड़ा हवाई हमला (File Photo: AFP)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 08 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 5:15 PM IST

यूक्रेन में रूसी हमलों का सिलसिला तेज होता जा रहा है. पूर्वी यूक्रेन में रूसी हमलों में 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 18 लोग घायल हुए हैं. इन हमलों में एक बस को भी निशाना बनाया गया. इस बीच राजधानी कीव में बिजली का संकट और गहरा गया है. यूक्रेन में सर्दियों से पहले रूस के हमले लगातार तेज हो रहे हैं.

Advertisement

डोनेत्स्क इलाके के सैन्य प्रशासन प्रमुख वादिम फिलाश्किन ने बताया कि क्रामाटोर्स्क और उसके पड़ोसी शहर स्लोवियांस्क में सुरक्षा हालात तेजी से बिगड़ने के कारण पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोक दिया गया है.

फिलाश्किन ने रूस पर जानबूझकर आम लोगों को निशाना बनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में यात्रियों और बस चालकों की जान जोखिम में नहीं डाली जा सकती. क्रामाटोर्स्क और स्लोवियांस्क के लोगों की सुरक्षा सबसे ज्यादा जरूरी है.

एक दिन पहले मिसाइल हमले में 22 लोगों की मौत

इससे एक दिन पहले उत्तरी यूक्रेन के प्रिलुकी शहर में भीषण मिसाइल हमला हुआ था. इस हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है. मृतकों में पांच बच्चे भी शामिल हैं. रूसी मिसाइल ने एक रिहायशी इमारत को निशाना बनाया था, जिसमें कम से कम 54 लोग घायल हुए.

Advertisement

हमले के बाद राहत और बचाव दल मलबा हटाकर लोगों की तलाश में जुटे रहे. इमारत का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और वहां बड़े पैमाने पर मलबा पड़ा है. खोजी कुत्तों की मदद से उन लोगों की तलाश जारी रही, जिनका अभी तक पता नहीं चल पाया है.

हमले में बचने वाले कुछ लोगों को क्षतिग्रस्त फ्लैटों में ही रात गुजारनी पड़ी, क्योंकि उन्हें रहने के लिए दूसरी जगह नहीं मिल सकी.

जेलेंस्की बोले- सर्दी में और तेज हो सकते हैं हमले

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने चेतावनी दी है कि सर्दी नजदीक आने के साथ रूस रोजाना मिसाइल और ड्रोन हमले और तेज कर सकता है. उन्होंने नाटो देशों से यूक्रेन को अतिरिक्त रक्षा सहायता देने की अपील की है.

जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन को सिर्फ समर्थन के बयान नहीं, बल्कि ऐसे नए रक्षा पैकेज चाहिए, जिनसे लोगों की जान बचाई जा सके. उन्होंने बैलिस्टिक मिसाइलों से बचाव की क्षमता, लड़ाकू विमानों के लिए गोला-बारूद और ड्रोन व मिसाइलों को रोकने वाली प्रणालियों में निवेश की मांग की.

कीव में इमरजेंसी बिजली कटौती

यूक्रेन की ऊर्जा कंपनी डीटीईके ने बताया कि राष्ट्रीय बिजली ग्रिड ऑपरेटर उक्रेनर्गो ने कीव में इमरजेंसी बिजली कटौती का आदेश दिया है. कंपनी ने साफ किया कि ये कटौती देशभर में पहले से तय बिजली कटौती से अलग है. इमरजेंसी कटौती नियमित तौर पर तय की गई कटौती के समय लागू नहीं की जाएगी.

Advertisement

यूक्रेन में इस महीने एक जागरूकता अभियान फिर शुरू किया गया है. इसमें लोगों से सर्दियों के दौरान लंबे समय तक बिजली गुल रहने की आशंका को देखते हुए पहले से तैयारी करने को कहा गया है. परिवारों से इमरजेंसी किट तैयार रखने, पीने का पानी जमा करने और बिजली के वैकल्पिक साधन रखने की अपील की गई है.

रूस में यूक्रेनी ड्रोन हमले का भी दावा

इस बीच रूस की टेक्नोलॉजी कंपनी यांडेक्स ने कहा कि पश्चिमी रूस के रियाजान क्षेत्र में स्थित उसके एक डेटा सेंटर को यूक्रेनी ड्रोन हमले में नुकसान पहुंचा है. इसके चलते डेटा सेंटर को ऑफलाइन करना पड़ा और ऑनलाइन सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है.

वहीं, यूक्रेन ने दावा किया कि उसकी सेना ने रूस के सलावत शहर में एक बड़े तेल रिफाइनरी परिसर को निशाना बनाया है. यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने इसे रूस की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल इकाइयों में से एक बताया है. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »