गाजा से लेकर ईरान तक... Israel-Hamas जंग के बीच बेंजामिन नेतन्याहू ने व्लादिमीर पुतिन से इन मुद्दों पर की बात

इजरायल-हमास जंग में रूस अब तक हमास के प्रति नर्म रुख अपनाता आया है. इतना ही नहीं कई मौकों पर तो उसने इजरायल की आलोचना भी की है. इन सब के बीच अब नेतन्याहू ने खुद पुतिन से फोन पर बात की है. इजरायली प्रधानमंत्री ने कई मामलों को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की है.

Advertisement
बेंजामिन नेतन्याहू/व्लादिमीर पुतिन (फाइल फोटो) बेंजामिन नेतन्याहू/व्लादिमीर पुतिन (फाइल फोटो)

सुनील जी भट्ट

  • नई दिल्ली,
  • 11 दिसंबर 2023,
  • अपडेटेड 8:19 AM IST

इजरायल और हमास के बीच जंग शुरू होने के बाद से रूस लगातार इजरायल की आलोचना करता आया है. इतना ही नहीं रूस हमास लीडर्स की मेजबानी भी कर चुका है. रूस की इस नीति से इजरायल काफी नाराज चल रहा है. इन घटनाक्रमों के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की. नेतन्याहू ने गाजा से लेकर ईरान तक कई मुद्दों पर पुतिन से 50 मिनट तक चर्चा की.

Advertisement

फोन पर चर्चा के दौरान नेतन्याहू ने नाराजगी जताते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र (UN) और दूसरे मंचों पर रूसी प्रतिनिधि लगातार इजरायल के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं. रूस के इस रुख पर इजरायल ने असंतोष जाहिर किया. उन्होंने ईरान और रूस के बढ़ते सहयोग पर भी चिंता जाहिर की. नेतन्याहू ने कहा कि जिस भी देश को इजरायल जैसे हमले का सामना करना पड़ा है, उस देश ने हमेशा कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और इजरायल भी यही कर रहा है. 

रूस से की दबाव बनाने की अपील

दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत के दौरान कुछ सकारात्मक चर्चा भी हुई. नेतन्याहू ने रूसी नागरिकता वाले एक इजरायली नागरिक को रिहा करने के रूसी प्रयास की सराहना की. उन्होंने कहा कि इजरायल सभी बंधकों को मुक्त करने के लिए राजनयिक और सैन्य सभी तरीकों का इस्तेमाल करता रहेगा. नेतन्याहू ने पुतिन से अपील की कि वह रेडक्रॉस पर दबाव डालें ताकि हमास के कब्जे में बंद इजरायली बंधकों तक दवाएं पहुंचाई जा सकें.

Advertisement

जब रूस पहुंचा था प्रतिनिधिमंडल

बता दें कि इजरायल से जंग के बीच हमास का प्रतिनिधिमंडल 26 अक्टूबर को रूस पहुंचा था. इस दौरान ईरान के मंत्री भी प्रतिनिधिमंडल के साथ थे. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के विशेष दूत मिखाइल बोगदानोव और विदेश मामलों के उपमंत्री इस मीटिंग में मौजूद रहे थे. इस मीटिंग का इजरायल ने विरोध किया था.

रूस ने सफाई में कही थी ये बात

हालांकि रूस ने अपना बचाव करते हुए तब कहा था कि इजरायल-हमास जंग में सभी पक्षों के साथ संपर्क बनाए रखना जरूरी है. क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा था कि प्रतिनिधिमंडल ने रूस के विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी, लेकिन क्रेमलिन के साथ उनका कोई संपर्क नहीं है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »